यूपी में गठबंधन पर इमरान मसूद का बड़ा बयान, बोले- बसपा के साथ गठबंधन का फैसला मायावती करेंगी

HIGHLIGHTS
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर खींचतान।
- इमरान मसूद ने बसपा के साथ गठबंधन पर मायावती के फैसले को अहम बताया।
- मसूद ने कहा कि मायावती चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के बंटवारे पर जारी खींचतान के बीच कांग्रेस कोई दूसरा रास्ता तलाश सकती है। लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने अपने बयान से इसके संकेत दिए हैं।
लखनऊ में कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च से पहले इमरान मसूद ने बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती को लेकर अहम टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ बसपा का गठबंधन होगा या नहीं, इसका फैसला मायावती को करना है। वह चार बार उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और बड़े कद की नेता हैं।
मीडिया से बातचीत में मसूद ने कहा कि कांग्रेस और बसपा के बीच गठबंधन करना है या नहीं, यह मायावती जी को तय करना होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मायावती को कोई छोटा नेता समझता है? मसूद ने यह भी कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, उस समय कांग्रेस ने 100 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ा था।
यूपी चुनाव में बसपा के साथ गठबंधन की संभावना को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दोहराया कि गठबंधन का फैसला मायावती को ही करना है, कांग्रेस को नहीं।
सपा के साथ गठबंधन में 60 सीटों पर भी नहीं लड़ेंगे
सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में कांग्रेस केवल 60 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपना राजनीतिक वजूद मजबूत करना है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।
सीटों के बंटवारे को लेकर मसूद ने बताया कि पार्टी नेतृत्व को सभी बातें बता दी गई हैं। अब नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, वही स्वीकार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गठबंधन का मतलब संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करना और सभी फैसले मिलकर लेना होता है। गठबंधन में हर चीज साझा होती है। उन्होंने कहा, "यहां कुछ और हो रहा है तो मुझे पता नहीं है। सपा ने हमको 26 सीट देने की बात कही है, हम तो 60 सीट पर भी नहीं मानेंगे।"
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन पर खींचतान लगातार जारी है। इस बीच सपा अपना मेनिफेस्टो भी जारी कर रही है, जबकि कांग्रेस को इसकी जानकारी तक नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.