लखनऊ: संजय दत्त ने ‘नेट जीरो सरोजनीनगर’ अभियान का किया भव्य उद्घाटन

लखनऊ। प्रख्यात अभिनेता संजय दत्त ने रविवार को सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के बंगला बाजार में ‘नेट जीरो सरोजनीनगर’ अभियान का भव्य उद्घाटन किया। माइक थामते ही उन्होंने लोगों से कहा, “हर-हर महादेव। मैंने नासा के स्पेस सेंटर से पृथ्वी की तस्वीर देखी, हमारी धरती कितनी खूबसूरत है। इसे हम सभी को मिलकर सुंदर बनाए रखना होगा।”
इस मौके पर दत्त ने लखनऊ में फरवरी की असामान्य गर्मी पर अपनी हैरानी भी जताई और खुद ही इसका कारण बताया। उन्होंने कहा कि पहले इस समय ठंड रहती थी क्योंकि यहाँ पेड़-पौधे बहुत थे, लेकिन अब पेड़ काटे जा रहे हैं और नए पौधे नहीं लग रहे। उन्होंने सभी लोगों से एक-एक पौधा लगाने का संकल्प लेने की अपील की। “यदि ऐसा किया तो गर्मी कम होगी। चेत जाइए, 20 साल बाद पानी भी सोना हो जाएगा,” उन्होंने मज़ाकिया अंदाज में कहा।
संजय दत्त ने अपनी लखनऊ की यादों को साझा करते हुए बताया कि उनके पूर्वज बंटवारे के बाद यहाँ आए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें इस शहर से इतना लगाव है कि चुनाव लड़ने की तैयारी भी की थी, लेकिन अवसर नहीं मिला। “लखनऊवालों ने जो प्यार मुझ पर लुटाया है, उसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता,” उन्होंने भावुक होकर कहा।
उन्होंने अपने मुंबइया अंदाज में युवाओं को तीन बातों की सीख भी दी। “एक पौधा लगाओ, पानी बचाओ क्योंकि जल सोना है, और वोटर बनो। साथ ही नशा मत करो। यह न करने पर खुद की ही हानि होगी।”
इससे पहले अभिनेता दत्त सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के साथ बंगला बाजार पुलिस चौकी पहुंचे और खुले जीप में रोड शो किया। लगभग एक किलोमीटर लंबे रोड शो में हजारों लोग उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। लोगों ने ‘जिंदाबाद’ के नारे लगाए और फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनके लिए दो मुद्दे बेहद महत्वपूर्ण हैं — पर्यावरण संरक्षण और युवाओं का सशक्तिकरण। उन्होंने अभियान को जनआंदोलन में बदलने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर उनकी पुत्री राजलक्ष्मी ने संजय दत्त को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.