हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा दावा, गोगी गैंग के शूटर ने ली जिम्मेदारी

HIGHLIGHTS
- हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर गोली मारकर हत्या।
- गोगी गैंग के शूटर भोलू ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया।
- बाइक सवार चार बदमाशों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की।
शामली। लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोगी गैंग के शूटर भोलू शाहपुरिया निवासी सोनीपत ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। भोलू ने गुरुवार सुबह इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की। पोस्ट में उसने ‘वेट एंड वाच’ भी लिखा है। बुधवार शाम करीब पौने सात बजे अंकित की जिम के बाहर हत्या कर दी गई थी।
इंस्टाग्राम स्टेटस पर भोलू ने अपनी आवाज में एक बात साझा की और इसके बाद दोपहर 1 बजकर 6 मिनट पर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के गाने की एक लाइन को अपनी और अपने परिचितों के वीडियो के साथ वाट्सएप स्टेटस पर लगाया था। इसके बाद हरियाणवी सिंगर की नाला पटरी मार्ग पर जिम से बाहर निकलते ही गोलियां मारकर हत्या कर दी गई।
बदमाशों ने करीब 20 राउंड फायरिंग की। हत्या के बाद वे शव को नाली के पास सड़क पर छोड़कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। जिम में मौजूद एक सिपाही ने लोगों की मदद से अंकित के शव को उनकी ही गाड़ी में रखा और सीएचसी ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वर्मा मार्केट पर देर रात तक जाम लगाया और हत्यारों की गिरफ्तारी के साथ उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की।
बाबरी थाना क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय हरियाणवी सिंगर-कलाकार अंकित बालियान पुत्र सत्यवीर फौजी बुधवार दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी में नाला पटरी स्थित मसल्स जिम पहुंचे थे। शाम करीब 6:48 बजे जब वह जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कार्पियो में बैठने जा रहे थे, तभी बाइक सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
करीब दो मिनट तक बदमाशों ने 20 राउंड फायर किए। इस दौरान पांच गोलियां अंकित की गाड़ी में लगीं, जबकि करीब आठ गोलियां उन्हें लगीं। अंकित का शव नाली के पास सड़क पर पड़ा मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश करीब 200 मीटर तक फायरिंग करते हुए पैदल फरार हो गए। घटनास्थल पर खून, खोखे और अंकित का मोबाइल फोन भी मिला।
घटना के समय जिम के अंदर पुलिसकर्मी भी वर्कआउट कर रहे थे। उन्होंने आनन-फानन में अंकित को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए एसपी ने शहर के पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी।
घटना से आक्रोशित स्वजन ने वर्मा मार्केट के पास शव सड़क पर रखकर देर रात तक जाम लगाया। पुलिस फिलहाल चुनावी रंजिश और हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े विवादों समेत अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। जाम के चलते पुलिस ने रूट भी डायवर्ट कर दिया था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.