मजदूर की पीट-पीटकर हत्या का मामला, भट्ठा मालिक समेत दो गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- वाराणसी में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या का मामला।
- ईंट-भट्ठा मालिक समेत दो आरोपित गिरफ्तार।
- चोरी के शक में मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप।
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर में मजदूर रामजनम वनवासी (45) की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने ईंट-भट्ठा मालिक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पत्नी सीता की तहरीर पर चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, चंदौली के धरायन गांव निवासी रामजनम गोसाईंपुर के बड़कीबारी स्थित अपनी ससुराल में रहता था और चिरईगांव के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। बताया गया कि 20 अगस्त को वह हड़ियाडीह स्थित अजय सिंह के ईंट-भट्ठे के पास दिखाई दिया था।
चोरी के शक में अजय सिंह ने अपने साथी गरथौली निवासी विशाल सिंह के साथ रामजनम को पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों ने उसे पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा। पिटाई के बाद रामजनम बेसुध हो गया। इसके बाद दोनों उसे उसकी ससुराल पहुंचाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। दोनों शव को धान के खेत में छोड़कर फरार हो गए।
21 अगस्त को पुलिस ने खेत से शव बरामद किया था और परिजनों से उसकी शिनाख्त कराई गई थी। बुधवार को पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह पुत्र राजेंद्र प्रसाद सिंह निवासी शिवदासा और विशाल सिंह पुत्र स्व. रमेश सिंह निवासी गरथौली को गिरफ्तार कर लिया।
वीडियो सामने आने के बाद बदला जांच का रुख
शव मिलने के बाद शुरुआती तौर पर पुलिस को गंभीर चोट लगने के कारण मौत की आशंका थी। इसी बीच रामजनम को पेड़ से बांधकर पीटने का वीडियो सामने आया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.