सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर हमला, 1 की मौत और 8 घायल; शैबा ऑयलफील्ड में भारतीय जख्मी

HIGHLIGHTS
- सऊदी अरब के शैबा ऑयलफील्ड पर हमले में एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है।
- भारतीय दूतावास ने सऊदी अधिकारियों से संपर्क कर घायल नागरिक को हर संभव सहायता देने की बात कही है।
- अमेरिका ने सऊदी अरब में अपने गैर-जरूरी दूतावास कर्मचारियों और उनके परिवारों को देश छोड़ने का निर्देश दिया है।
रियाद। सऊदी अरब के पूर्वी क्षेत्र में दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। सऊदी सिविल एविएशन अथॉरिटी ने इसकी जानकारी दी है।
अथॉरिटी के मुताबिक, घायलों में कुछ की हालत मामूली है, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एयरपोर्ट को हुए भौतिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल हमले के तरीके को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, हाल के दिनों में यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से प्रोजेक्टाइल के जरिए सऊदी अरब के एयरपोर्ट्स को निशाना बनाए जाने की घटनाएं लगातार सामने आई हैं। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हूती हमलों से सऊदी अरब के कई एयरपोर्ट प्रभावित हो चुके हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग ने दूतावास के गैर-जरूरी कर्मचारियों को सऊदी अरब छोड़ने का दिया आदेश
सऊदी अरब में लगातार हो रहे घातक हमलों के मद्देनजर अमेरिका ने अपने दूतावास के गैर-जरूरी कर्मचारियों और उनके परिवारों को देश छोड़ने का निर्देश दिया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
इससे पहले एक राजनयिक सूत्र ने एएफपी को बताया था कि खाड़ी देश में स्थित अमेरिकी दूतावास के सभी अमेरिकी कर्मचारियों और उनके परिवारों को वहां से जाने का आदेश दिया गया है। यह घटनाक्रम यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब पर लगातार किए जा रहे हमलों के बीच सामने आया है।
सऊदी अरब के शैबा ऑयलफील्ड पर हमले में भारतीय नागरिक घायल
सऊदी अरब के शैबा ऑयलफील्ड पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक भी घायल हुआ है। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उसे शैबा ऑयलफील्ड पर बुधवार को हुए हमले में एक भारतीय नागरिक के घायल होने की जानकारी मिली है। दूतावास ने कहा कि वह सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और आगे की जानकारी का इंतजार कर रहा है। साथ ही, घायल भारतीय नागरिक को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
शैबा ऑयलफील्ड सऊदी अरब का एक प्रमुख तेल उत्पादन केंद्र है। क्षेत्र में हाल के दिनों में हूती हमलों और बढ़ते तनाव के बीच यह घटना हुई है। भारतीय दूतावास घायल नागरिक की स्थिति पर नजर रख रहा है और उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.