मनाली में वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़, कई किलोमीटर लंबा जाम

उत्तर भारत में जारी भीषण गर्मी के बीच राहत पाने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं। इसी वजह से हिमाचल प्रदेश के मनाली और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के चलते पलचान से लेकर मनाली तक, चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग, अटल टनल मार्ग, माल रोड, वशिष्ठ, सोलंगनाला और अन्य पर्यटन स्थलों पर जाम की स्थिति बनी रही। कई जगह वाहन घंटों तक रेंगते हुए नजर आए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मनाली शहर में भी बिगड़े हालात
माल रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में भी भीड़ और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण स्थिति और खराब हो गई। लगातार यातायात बाधित होने से पुलिस को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे अनावश्यक निजी वाहनों का उपयोग कम करें और यातायात नियमों का पालन करें।
मौसम ने भी बढ़ाई मुश्किलें
इधर, हिमाचल प्रदेश में मौसम भी करवट ले रहा है। पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।
शिमला मौसम केंद्र के अनुसार किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर अन्य जिलों में आगामी दिनों में भी अस्थिर मौसम बने रहने की संभावना है। 5 जून तक कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
बारिश के बावजूद कुछ क्षेत्रों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि ऊना में दिन के समय तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.