मायके में संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, 8 माह की प्रेग्नेंट थी महिला

भदोही जिले के औराई कोतवाली क्षेत्र के दल्लूपुर (निजामपुर) गांव में शनिवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका 22 वर्षीय किशन देवी अपने मायके में रह रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता ने दामाद पर दहेज की मांग को लेकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए पति अजय बिंद को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, किशन देवी की शादी 25 मई 2025 को जौनपुर जिले के सरैया (थाना नेवढ़िया) निवासी अजय बिंद से हुई थी। वह फिलहाल लगभग आठ महीने की गर्भवती थी और पिछले तीन महीनों से अपने मायके में रह रही थी, जबकि उसका पति नवी मुंबई में नौकरी करता है।
बताया गया कि हाल ही में पति अजय बिंद पत्नी को ससुराल ले जाने के लिए गांव आया था। शनिवार रात दोनों छत पर सोए थे। रविवार तड़के करीब चार बजे जब परिवार के लोग खेत में गेहूं काटने गए हुए थे, उसी दौरान पति ने परिजनों को सूचना दी कि किशन देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
परिजन तुरंत उसे कछवां स्थित क्रिश्चियन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार औराई सुनील कुमार, सीओ राजीव सिंह, पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के पिता बाबूलाल बिंद की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर पति को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। थाना प्रभारी अश्वनी कुमार त्रिपाठी के अनुसार, मृतका के गले पर मिले निशान से गला दबाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.