मंगलुरु में MRPL रिफाइनरी में जोरदार धमाका, आठ लोग घायल

HIGHLIGHTS
- धमाका रिफाइनरी के तीसरे प्लांट में होने की जानकारी है।
- हाइड्रो सल्फर ट्रीटमेंट यूनिट में विस्फोट के बाद आग लग गई।
- तेज धमाके के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
मंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में जोकट्टे के पास स्थित एमआरपीएल ऑयल रिफाइनरी में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद आसपास के घरों में कंपन महसूस किया गया और लोगों को तेज झटके लगे। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने स्थानीय लोगों के हवाले से इसकी जानकारी दी है।
धमाके के तुरंत बाद आसमान में घना काला धुआं दिखाई देने लगा, जो काफी दूर से भी नजर आ रहा था। बताया जा रहा है कि घटना जोकट्टे इलाके में स्थित रिफाइनरी के तीसरे प्लांट में हुई। यहां से आग की लपटें और काले धुएं का गुबार निकलता देखा गया।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी ने बताया कि हाइड्रो सल्फर ट्रीटमेंट यूनिट में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई। इस घटना में आठ लोग घायल हुए हैं।
प्लांट परिसर में घायल हुए एक व्यक्ति को इलाज के लिए श्रीनिवास अस्पताल ले जाया गया है। उसकी पहचान राजेश के रूप में हुई है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। सीपी, डीसी और सीईओ मौके पर मौजूद हैं।
धमाके के बाद आसपास के इलाकों में महसूस हुए झटके
मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) की ओर से घटना को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, बाजपे, कलावरु, बैकामपाडी, जोकट्टे, सुरथकल और कटिपल्ला के आसपास रहने वाले लोगों ने धमाके के झटके महसूस किए।
धमाके के प्रभाव से कई घरों की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे टूट गए। जोकट्टे ग्राम पंचायत भवन के शीशे भी टूटने की जानकारी सामने आई है।
दूर के इलाकों तक सुनाई दी तेज आवाज
जोकट्टे ग्राम पंचायत भवन और आसपास रहने वाले लोगों ने धमाके के बाद अपने घरों को हिलते हुए महसूस किया। इसके बाद घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ इमारतों में दरारें आने की भी खबर है।
DYFI नेता मुनीर कटिपल्ला के मुताबिक, घटना के बाद पैदा हुई घबराहट के बीच बड़ी संख्या में लोग पंचायत भवन के पास जमा हो गए हैं। धमाके जैसी तेज आवाज बैकामपाडी और सुरथकल जैसे दूर के इलाकों में भी सुनाई दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद मंगलुरु, पांडेश्वर और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.