मुजफ्फरनगर में सड़क किनारे खड़ी CNG कार में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी

HIGHLIGHTS
- CNG कार में आग लगने के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया।
- दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
- आग से Swift Dzire का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मदीना चौक के पास रविवार रात करीब 10 बजे सड़क किनारे खड़ी CNG कार Swift Dzire में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर कार को धूं-धूंकर जलते देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग की सूचना मिलने पर कच्ची सड़क पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। CNG कार होने के चलते सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को दूर किया और दमकल विभाग को जानकारी दी।
दमकल की टीम ने बुझाई आग
कुछ समय बाद फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि Swift Dzire का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इंचौली से मुजफ्फरनगर आए थे कार मालिक के बहनोई
कार मालिक के रिश्तेदार मोहम्मद शिबली ने बताया कि उनके बहनोई इंचौली से मुजफ्फरनगर आए थे। उन्होंने कार को घर के पास सड़क किनारे खड़ा किया था। शिबली के मुताबिक, माना जा रहा है कि कार गर्म होने के बाद अचानक आग लगी। आग तेजी से फैलने के कारण कार को बचाने का मौका नहीं मिल पाया।
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल कार में आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित टीमें मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं। आग की शुरुआत किस कारण हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
गनीमत रही कि घटना के समय कार के अंदर कोई मौजूद नहीं था। इसके चलते हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.