मानसा में स्कूल वैन और PRTC बस की टक्कर, 10 बच्चों समेत चालक घायल

HIGHLIGHTS
- बस के सामने अचानक बाइक सवार आने के बाद चालक ने ब्रेक लगाए।
- टक्कर के बाद घायल बच्चों और वैन चालक को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
- हादसे में वैन चालक की एक टांग टूट गई, जबकि दो-तीन बच्चों को गहरी चोटें आई हैं।
मानसा। जिले के बरेटा कस्बे में नेशनल हाईवे पर सुबह एक निजी स्कूल वैन की PRTC बस से टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल वैन में सवार 10 बच्चों समेत चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने घायल स्कूली बच्चों और वैन चालक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद स्कूल वैन की खराब हालत को लेकर बच्चों के परिजनों ने सवाल उठाए हैं। सूचना मिलने पर बरेटा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गांव किशनगढ़ के एक निजी स्कूल की वैन सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर आगे चल रही PRTC बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके चलते पीछे से आ रही स्कूल वैन बस में जा घुसी।
बस चालक सुखदेव सिंह ने बताया कि वह मानसा से जाखल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बस के सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया। उसे बचाने के लिए उन्होंने बस में ब्रेक लगाए, जिसके कारण पीछे से आ रही स्कूल वैन बस से टकरा गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों व वैन चालक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में वैन चालक की एक टांग टूट गई है, जबकि दो-तीन बच्चों को भी गहरी चोटें लगी हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.