सत्य निकेतन हादसे के बाद MCD सख्त, चार मंजिल से अधिक के अवैध निर्माण होंगे सील

HIGHLIGHTS
- हादसे के वक्त बड़ी संख्या में छात्र कमरों में मौजूद थे।
- दमकल की 8 गाड़ियां और कई बचाव दल मौके पर पहुंचे।
- स्थानीय लोगों और छात्रों ने भी राहत कार्य शुरू किया।
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 30 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हॉस्टल डेज नाम की इस इमारत में छात्रों के लिए पीजी हॉस्टल चलाया जा रहा था। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि मलबे में 30 से 40 छात्रों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के अनुसार, हादसा दोपहर 1:33 बजे हुआ। रविवार होने के कारण उस समय बड़ी संख्या में छात्र अपने कमरों में मौजूद थे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियों के साथ कई बचाव दल मौके पर पहुंच गए। हालांकि, इससे पहले ही स्थानीय लोगों और आसपास की इमारतों में रहने वाले छात्रों ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया था। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें इमारत के गिरने के बाद धूल का गुबार उठता हुआ दिखाई दे रहा है।
चार मंजिल से अधिक की अवैध इमारतें होंगी सील
दिल्ली नगर निगम ने चार मंजिल से ज्यादा ऊंची सभी अवैध इमारतों को तत्काल प्रभाव से सील करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है। मेयर प्रवेश वाही ने रविवार रात इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
सत्य निकेतन इमारत हादसे को लेकर दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही का बयान भी सामने आया है। मेयर ने कहा, 'सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। चार मंजिल से अधिक वाले सभी अवैध निर्माणों को तत्काल सील किया जाएगा और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाएगा। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.