मेरठ में कक्षा 12 तक के स्कूल रहेंगे बंद, भारी बारिश के बाद DM ने दिया आदेश

HIGHLIGHTS
- भारी बारिश और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए मेरठ में 10 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी।
- लगातार बारिश से जलभराव की स्थिति, प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया फैसला।
- देवल गांव के पास हाईवे पर पानी भरने से बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से संपर्क प्रभावित, कई मार्गों पर रूट डायवर्ट।
मेरठ: जिले में खराब मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से जुड़े विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों के लिए शुक्रवार 10 जुलाई को अवकाश घोषित कर दिया गया है।
यह आदेश जिलाधिकारी मेरठ के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी किया गया है। सभी स्कूलों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारी बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 जुलाई को मेरठ समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए बच्चों को बेवजह घर से बाहर न भेजें और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें।
मेरठ-पौड़ी हाईवे पर जलभराव, बिजनौर का संपर्क प्रभावित
बारिश का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है। मुजफ्फरनगर के देवल गांव के पास मेरठ-पौड़ी हाईवे पर जलभराव और सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजनौर का मेरठ और मुजफ्फरनगर से सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है।
हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने दोनों जिलों की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोककर रूट डायवर्ट कर दिया है। गुरुवार दोपहर से देवल क्षेत्र में सड़क पर पानी भरने के कारण बैराज से मीरापुर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम बढ़ने के बाद पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजना शुरू किया।
खिरनी गांव के पास सड़क क्षतिग्रस्त, भारी वाहनों पर रोक
बारिश और तेज बहाव के कारण बिजनौर-मंडावर-बालावाली मार्ग पर खिरनी गांव के पास सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन बंद कर दिया गया है।
फिलहाल छोटे और हल्के वाहनों को सावधानी के साथ निकाला जा रहा है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.