मेरठ: CM योगी ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल, डीजे की धुन पर जमकर झूमे शिवभक्त

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब आधे घंटे तक हरिद्वार से गंगाजल लेकर जा रहे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।
- मुख्यमंत्री की पुष्पवर्षा के दौरान कांवड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने डीजे की आवाज तेज कर दी।
- कांवड़िए ‘भोले नचवा दिए, डीजे बजवा दिए योगी ने’ गीत पर जमकर नाचते और जयकारे लगाते नजर आए।
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से करीब आधे घंटे तक हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान सड़क पर मौजूद कांवड़ियों ने मुख्यमंत्री के स्वागत के बीच अपने डीजे की आवाज तेज कर दी। डीजे पर बज रहे गीतों पर कांवड़िए जमकर झूमते नजर आए।
मुख्यमंत्री की ओर से की जा रही पुष्पवर्षा के दौरान कांवड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला। कई कांवड़ियों ने हाथ उठाकर जयकारे लगाए, जबकि कुछ डीजे की धुन पर नाचते दिखाई दिए। कांवड़िए ‘भोले नचवा दिए, डीजे बजवा दिए योगी ने, रंग जमा दिए योगी ने..’ गीत पर झूमते नजर आए। गीत के बोलों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली और वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में डीजे को लेकर बदले माहौल का जिक्र किया गया है। गाने की धुन पर बड़ी संख्या में कांवड़िए नाचते और जयकारे लगाते रहे।
एक समय स्थिति ऐसी हो गई कि हाईवे पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए कांवड़ियों को आगे बढ़ाना चुनौती बन गया। सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी लगातार कांवड़ियों से आगे बढ़ने की अपील करते रहे, लेकिन मुख्यमंत्री की मौजूदगी और डीजे पर बज रहे गीत के कारण कुछ देर के लिए कांवड़ यात्रा की रफ्तार थम गई।
CM को देखने उमड़ा जनसैलाब, हाईवे पर लगी वाहनों की कतार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को करीब से देखने और उनके हाथों कांवड़ियों पर की जा रही पुष्पवर्षा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग NH-58 पर पहुंच गए। देखते ही देखते हाईवे पर भीड़ बढ़ गई और एक समय वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कार्यक्रम स्थल पर भी अलग नजारा देखने को मिला। मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जहां कांवड़ियों पर फूल बरसा रहे थे, वहीं आसमान में उड़ रहे हेलीकॉप्टर से भी कांवड़ यात्रा के मार्ग पर पुष्पवर्षा की जा रही थी। जमीन और आसमान, दोनों तरफ से हो रही पुष्पवर्षा ने माहौल को आकर्षक बना दिया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। NH-58 पर पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों की निगरानी में कांवड़ियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने का प्रयास किया गया। हालांकि मुख्यमंत्री को देखने के लिए जुटी भीड़ और कांवड़ियों के नाचने के कारण कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
मंच पर दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर मेरठ के सांसद और अभिनेता अरुण गोविल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद, हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक और सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.