कांवड़ियों की भीड़ के चलते मेरठ-हरिद्वार बसों का बदला रूट, किराया हुआ 484 रुपये

HIGHLIGHTS
- बिजनौर मार्ग वन-वे होने के बाद बसों का संचालन दूसरे रास्ते से किया जा रहा है।
- रूट लंबा होने पर मेरठ-हरिद्वार किराया 267 से बढ़कर 484 रुपये हुआ।
- बढ़े किराए के चलते कई यात्री बसों के बजाय ट्रेन से सफर कर रहे हैं।
मेरठ। मेरठ से हरिद्वार जाने वाली रोडवेज बसों का रूट बदल दिया गया है। अब बसें मेरठ से बिजनौर होकर हरिद्वार नहीं जाएंगी। नए रूट के तहत मेरठ से मीरापुर, मुजफ्फरनगर, रामपुर तिराहा, देवबंद, सहारनपुर और छुटमलपुर होते हुए देहरादून के रास्ते हरिद्वार पहुंचाया जा रहा है। बसों के लिए यह बदला हुआ रूट 11 अगस्त तक लागू रहेगा।
रूट की दूरी बढ़ने के कारण यात्रियों की जेब पर भी इसका असर पड़ा है। परिवहन निगम ने मेरठ से हरिद्वार का यात्री किराया 267 रुपये से बढ़ाकर 484 रुपये प्रति यात्री कर दिया है।
बिजनौर रूट पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने से बदला मार्ग
हरिद्वार से बिजनौर और अन्य मार्गों पर कांवड़ियों की भारी भीड़ है। शनिवार तक मेरठ के सोहराबगेट से हरिद्वार जाने वाली रोडवेज बसों को बिजनौर के रास्ते भेजा जा रहा था। अब इस मार्ग पर भी शिवभक्तों की संख्या बढ़ने के बाद प्रशासन ने बिजनौर मार्ग को वन-वे कर दिया है।
इसके चलते इस रास्ते पर रोडवेज बसों का संचालन रोक दिया गया है। अब मेरठ के सोहराब गेट से हरिद्वार जाने वाली बसें मीरापुर, मुजफ्फरनगर, रामपुर तिराहा, देवबंद, सहारनपुर और छुटमलपुर होते हुए देहरादून के रास्ते हरिद्वार पहुंच रही हैं।
बढ़े किराए से यात्री नाराज, बसों की संख्या घटी
रूट बदलने के बाद किराया बढ़ने को लेकर यात्रियों की नाराजगी रोडवेज के चालकों और परिचालकों को झेलनी पड़ रही है। कई यात्री बसों से सफर करने के बजाय ट्रेन का रुख कर रहे हैं।
यही वजह है कि मेरठ से हरिद्वार जाने वाली रोडवेज बसों की संख्या घटकर 10 से 12 रह गई है।
ब्रजघाट में हाईवे वन-वे, मुरादाबाद-बरेली की बसें प्रभावित
हापुड़-मुरादाबाद हाईवे पर ब्रजघाट में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के बाद प्रशासन ने मार्ग को वन-वे कर दिया है। इसके चलते मेरठ से मुरादाबाद और बरेली जाने वाली रोडवेज बसों को गढ़मुक्तेश्वर से सीधे ब्रजघाट होकर आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
रविवार को बरेली जाने वाली रोडवेज बसों को गढ़मुक्तेश्वर चौराहे से स्याना-गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते संभल, मुरादाबाद और बरेली भेजा गया। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार, 11 अगस्त तक इस मार्ग पर भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.