मेरठ: शीबा हत्याकांड का खुलासा, दूसरे पति समेत चार आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- शीबा का शव 21 अगस्त को सोशल मीडिया पर तस्वीर देखने के बाद परिवार ने पहचाना।
- पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को सादिक उसे कार में लेकर निकला था।
- शीबा ने रास्ते में भाई जुनैद को जबरन ले जाने की जानकारी दी थी।
मेरठ: कुशावली-ज्वालागढ़ संपर्क मार्ग पर दौलतपुर गांव के जंगल में गन्ने के खेत से मिले खून से लथपथ शव की पहचान शीबा के रूप में होने के बाद मामले में सनसनीखेज कहानी सामने आई है। भावनपुर क्षेत्र के सियाल गांव निवासी 26 वर्षीय शीबा की हत्या का आरोप उसके दूसरे पति सादिक पर है। आरोप है कि सादिक ने परिवार के साथ मिलकर शीबा की हत्या की।
पुलिस के मुताबिक, शीबा अपने दोनों बच्चों, बेटे मोहम्मद साद (7) और बेटी नविया (5) को अपने साथ रखना चाहती थी, जबकि सादिक बेटे को अपने पास रखना चाहता था। बच्चों को लेकर चल रहा विवाद ही शीबा की हत्या की वजह बना।
पुलिस ने खुलासा किया कि 19 अगस्त को सादिक परिवार के सदस्यों के साथ शीबा को कार में लेकर निकला था। रास्ते में शीबा ने अपने भाई जुनैद को फोन कर बताया था कि उसे जबरन गाड़ी में ले जाया जा रहा है और सादिक उसे देहरादून ले जाने की बात कह रहा है। इसके बाद कार में विवाद हुआ। छीना-झपटी के दौरान शीबा का मोबाइल टूट गया। आरोप है कि इसी दौरान सादिक ने कार में ही उसका गला घोंट दिया।
हत्या के बाद शव को सरधना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के जंगल में गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। आरोप है कि शव की पहचान छिपाने के लिए शीबा के चेहरे और सिर पर ईंट से कई वार किए गए। 21 अगस्त को सोशल मीडिया पर मृतका शीबा की तस्वीर देखने के बाद परिवार सरधना थाना पहुंचा और उसकी पहचान की।
2019 में हुई थी पहली शादी
मृतका के भाई जुनैद ने बताया कि शीबा की शादी 2019 में कंकरखेड़ा क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर लाला निवासी शाहरुख के साथ हुई थी। दोनों के दो बच्चे, बेटी नविया और बेटा मोहम्मद साद हैं। शाहरुख कुछ समय के लिए गाजियाबाद की सीमेंट फैक्टरी में काम करने गया था। इसी दौरान शीबा की मुलाकात सादिक से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली।
सादिक पहले से शादीशुदा था। उसकी पहली पत्नी आसिया से पांच बेटियां हैं। पुलिस के अनुसार, शीबा और सादिक के बीच बच्चों को लेकर विवाद बढ़ता गया। शीबा अपनी बेटी नविया को भी अपने साथ रखना चाहती थी, जबकि सादिक केवल बेटे मोहम्मद साद को अपने पास रखने पर अड़ा था।
दो जून को दिया था तीन तलाक
मृतका के भाई जुनैद का आरोप है कि सादिक ने दो जून को शीबा को तीन तलाक दे दिया था। इसके बाद शीबा मायके चली गई। पिता मुस्तफा ने पचपेडा गांव में उसके रहने के लिए किराये का मकान लिया था।
आरोप है कि 30 जुलाई को सादिक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और शीबा व उसके बेटे मोहम्मद साद को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पांच वर्षीय बेटी नविया को वहीं छोड़ दिया गया। परिवार को शीबा को लेकर चिंता बनी रही। 19 अगस्त को उसने फोन कर भाई जुनैद को बताया कि उसे जबरन गाड़ी में ले जाया जा रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
पांच आरोपियों पर प्राथमिकी, चार गिरफ्तार
शीबा की पहचान होने के बाद भाई जुनैद ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें सादिक, उसकी मां वसीला, पहली पत्नी आसिया और भाइयों आबिद व शादाब पर हत्या की साजिश रचने और वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ये बोले सीओ
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सादिक, वसीला, आसिया और शादाब को गिरफ्तार कर लिया है। आबिद की तलाश में दबिश दी जा रही है। हत्या से जुड़े सभी पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.