नेपाल में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी यात्रियों से भरी इलेक्ट्रिक वैन; 10 की मौत

HIGHLIGHTS
- नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ।
- भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानी गढ़ी के पास इलेक्ट्रिक वैन खाई में गिर गई।
- वैन सड़क से करीब 700 मीटर नीचे जा गिरी।
काठमांडू। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानी गढ़ी के पास यात्रियों से भरी इलेक्ट्रिक वैन बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।
जिले में तैनात सशस्त्र पुलिस बल (APF) के पुलिस अधीक्षक निवान कुमार खड़का ने बताया कि मृतकों में पांच पुरुष, तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। गुरुवार सुबह वैन भीमफेदी ग्रामीण नगरपालिका-6 के चिसापानी गढ़ी क्षेत्र में सड़क से करीब 700 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। उन्होंने बताया कि घायलों में दो की स्थिति गंभीर है।
मकवानपुर में खाई में गिरी इलेक्ट्रिक वैन
APF के मुताबिक, वैन में कुल 15 लोग सवार थे। यह वाहन राजधानी काठमांडू से दक्षिणी सर्लाही जिले के मुख्यालय मलंगवा की ओर जा रहा था। खड़का ने बताया कि घायलों में से तीन का इलाज बागमती प्रांत की राजधानी स्थित हेटौडा अस्पताल में किया जा रहा है। सुबह दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मियों को घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया था।
खड़का के अनुसार, हादसे वाली जगह के आसपास 12 शव बिखरे मिले थे। इनमें से 10 लोगों की मौत की तत्काल पुष्टि की गई। फिलहाल दुर्घटना की वजह सामने नहीं आई है।
नेपाल पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 2025-26 वित्तीय वर्ष के दौरान सड़क हादसों में 2,707 लोगों की जान गई। यह वित्तीय वर्ष जुलाई के मध्य में समाप्त हुआ था। पुलिस के रिकॉर्ड बताते हैं कि नेपाल में हर दिन औसतन सात लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत होती है, जबकि 82 लोग घायल होते हैं।
2007 के बाद से तीन गुना बढ़ा सड़क हादसों से नुकसान
नेपाल में विश्व बैंक की ओर से किए गए एक अध्ययन के अनुसार, वर्ष 2007 के बाद से सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाला आर्थिक नुकसान तीन गुना हो गया है। यह नुकसान देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद (GNP) के 1.5 प्रतिशत के बराबर है।
सड़क दुर्घटनाओं का सबसे अधिक और गंभीर प्रभाव गरीब समुदायों पर पड़ता है। विश्व बैंक के मुताबिक, नेपाल में सड़क हादसों में जान गंवाने वालों में 70 प्रतिशत से ज्यादा ऐसे लोग होते हैं, जो सड़क पर सबसे अधिक असुरक्षित हैं। इनमें पैदल यात्री, साइकिल चालक और मोटरसाइकिल सवार शामिल हैं।
नेपाल पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में सबसे आम वजह निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाना है। इसके बाद चालकों की लापरवाही और बिना लाइसेंस के गाड़ी चलाने के मामले आते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.