नेपाल में सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके, 4.9 रही तीव्रता; शिमला में भी कांपी धरती

HIGHLIGHTS
- नेपाल में गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए।
- नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.9 दर्ज की गई।
- नेपाल में भूकंप का केंद्र जमीन से 73 किलोमीटर की गहराई पर था।
नई दिल्ली। भारत के पड़ोसी देश नेपाल में गुरुवार सुबह भूकंप आने से धरती हिल गई। भूकंप के झटके सुबह करीब 4:30 बजे महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 दर्ज की गई। इसका केंद्र जमीन के भीतर 73 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
भूकंप के झटके महसूस होते ही घरों से बाहर निकले लोग
नेपाल में सुबह-सुबह आए भूकंप के कारण लोगों में डर का माहौल बन गया। झटके महसूस होने के बाद कई लोग घबराकर अपने घरों से निकलकर सड़कों पर आ गए।
गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पहले भी नेपाल के बैतडी जिले में भूकंप आया था। 26 अक्टूबर को आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई थी। इसके झटके बैतडी और दार्चुला जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किए गए थे। भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के मुताबिक, उस भूकंप का केंद्र भारत-नेपाल सीमा के नजदीक बैतडी जिले में था।
शिमला में भी महसूस किए गए भूकंप के झटके
नेपाल में भूकंप आने से एक दिन पहले बुधवार रात हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी धरती कांपी थी। यहां आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 दर्ज की गई। इसके झटके शिमला जिले के जुब्बल और रोहरू क्षेत्रों में महसूस किए गए।
लोगों ने कुछ सेकेंड तक भूकंप के झटके महसूस किए। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई। भूकंप का केंद्र शिमला जिले में 31.118 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 78.00 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।
जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, शिमला जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों में भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। राज्य का बड़ा हिस्सा भूकंपीय जोन IV और V के अंतर्गत आता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.