मेरठ: बैंक गई पत्नी, पीछे घर में पति ने लगाई फांसी; सोफे पर खेलता मिला दो साल का बेटा

मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विजयनगर इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। आरजी इंटर कॉलेज में कार्यरत सहायक अध्यापिका बबीता के पति रजनीश सैनी (40) का शव उनके कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। घटना के समय बबीता बैंक गई हुई थीं। जब वह करीब एक घंटे बाद लौटीं तो घर में यह मंजर देखकर बदहवास हो गईं।
जानकारी के अनुसार, बबीता मकान की रजिस्ट्री से जुड़ी प्रक्रिया के लिए बैंक से पैसे निकालने गई थीं। इस दौरान उन्होंने पति से संपर्क करने की कोशिश भी की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनका दो साल का बेटा केशव सोफे पर खेल रहा है। इसके बाद जब वह स्टोर रूम में पहुंचीं, तो वहां रजनीश का शव तार के सहारे पंखे से लटका मिला। यह देखते ही उनकी चीख निकल गई।
शोर सुनकर मकान मालिक और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से पत्नी और परिजन गहरे सदमे में हैं।
रजनीश मूल रूप से मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र के निवासी थे। उनकी शादी करीब नौ साल पहले देवबंद निवासी बबीता से हुई थी। बबीता पिछले तीन वर्षों से आरजी इंटर कॉलेज में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात हैं। दंपती दो वर्षों से विजयनगर में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि रजनीश घर से ही काम करते थे और अधिकतर समय बेटे की देखभाल करते थे।
घटना की जानकारी मिलते ही रजनीश के पिता वेदप्रकाश, मां निर्मला और भाई अमित जानसठ से मेरठ पहुंचे। परिजनों ने बबीता पर कुछ गंभीर आरोप लगाए हैं। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को दिए बयान में बबीता ने बताया कि परिवार गंगानगर क्षेत्र में मकान खरीदने की तैयारी कर रहा था और मंगलवार को रजिस्ट्री होनी थी। इसी सिलसिले में वह बैंक गई थीं। पति का शव देखकर वह घबराकर बेहोश हो गई थीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.