मछुआरा समाज के आरक्षण की मांग पर मंत्री संजय निषाद ने गोरखपुर-सोनौली हाईवे किया जाम

HIGHLIGHTS
- मछुआरा समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन।
- कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद समर्थकों के साथ हाईवे पर धरने पर बैठे।
- बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे गोरखपुर-सोनौली हाईवे जाम किया गया।
मछुआरा समाज को आरक्षण देने की मांग को लेकर बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद अपने समर्थकों के साथ गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर धरने पर बैठ गए और मार्ग जाम कर दिया। हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही जिले के अधिकारियों में हलचल मच गई। करीब एक घंटा 15 मिनट तक जाम रहने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से बातचीत के बाद इसे समाप्त किया गया।
धरने पर बैठते ही प्रशासनिक महकमे में मची हलचल
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद पूर्व सांसद प्रवीण कुमार निषाद के साथ फरेंदा के पास उदितपुर स्थित इंटर कॉलेज में आयोजित संवैधानिक अधिकार एवं सुरक्षा महासम्मेलन और पदयात्रा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान उन्होंने आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं के बीच मछुआरा समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग उठाई गई। इसके बाद कैबिनेट मंत्री के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए और धरने पर बैठकर जाम लगा दिया। उनके हाईवे पर धरना शुरू करते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मछुआरा समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने का वादा किया था, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जनगणना का काम भी शुरू हो गया है। ऐसे में मछुआरा समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि समाज के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
सरकार स्तर पर मांगें पूरी कराने पर अड़े रहे कैबिनेट मंत्री
हाईवे जाम की सूचना मिलने पर एसडीएम प्रेमशंकर पांडेय, सीओ नौतनवां बसंत कुमार, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा के साथ जिले के एडीएम और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। कैबिनेट मंत्री भी सरकार स्तर पर मांगें पूरी कराने की बात पर कायम रहे।
करीब एक घंटा 15 मिनट तक जाम रहने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मोबाइल पर बातचीत हुई। इसके बाद हाईवे से जाम समाप्त किया गया। प्रदेश अध्यक्ष से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री को बताया गया कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री के साथ बैठक की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.