22 नवंबर को शुक्रतीर्थ पहुंचेंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत, शुकदेव आश्रम में दो दिन करेंगे प्रवास

HIGHLIGHTS
- RSS सरसंघचालक मोहन भागवत 22 नवंबर को शाम करीब 6 बजे शुक्रतीर्थ पहुंचेंगे।
- मोहन भागवत शुकदेव आश्रम में दो दिन तक प्रवास करेंगे।
- वह रात भी आश्रम में ही बिताएंगे।
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत 22 नवंबर को शाम करीब 6 बजे शुक्रतीर्थ पहुंचेंगे। वह यहां शुकदेव आश्रम में दो दिन तक प्रवास करेंगे और रात्रि विश्राम भी आश्रम में ही करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
बुधवार दोपहर करीब 1 बजे जिलाधिकारी सुनील सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने भारी पुलिस बल के साथ आश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान मोहन भागवत की सुरक्षा टीम भी उनके साथ मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा टीम ने आश्रम परिसर के अंदर और बाहर की व्यवस्थाओं, आवागमन के रास्तों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सूची भी तैयार की गई है।
जिला प्रशासन और पुलिस के अनुसार, आश्रम के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। आने-जाने वाले रास्तों पर जांच और गश्त की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और स्वयंसेवकों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए प्रसिद्ध है शुकदेव आश्रम
शुक्रतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम स्वामी कल्याण देव महाराज से जुड़ा हुआ है। यह आश्रम धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है। मोहन भागवत यहां दो दिन तक प्रवास करेंगे।
शुकतीर्थ में 21 से शुरू होगा कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला
शुकतीर्थ में 21 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार दोपहर करीब तीन बजे जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और एसएसपी सूरज कुमार राय मेला स्थल पहुंचे। अधिकारियों ने गंगा घाट, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और मेला मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
21 नवंबर से पहले पूरी करने के निर्देश
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को 21 नवंबर से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने टेंट, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी।
डीएम ने गंगा घाट पर बने पुल पर सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी इंतजाम निर्धारित समय पर पूरे किए जाएं।
CCTV और सोशल मीडिया पर भी रहेगी निगरानी
मेले के दौरान पूरे क्षेत्र की निगरानी CCTV कैमरों के जरिए की जाएगी। एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रखेगी। किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर निगरानी करते हुए जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और तय समयसीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी देहात अक्षय संजय महादिक, एसडीएम जानसठ, सीओ भोपा, प्रभारी निरीक्षक भोपा आशुतोष सिंह, मुजफ्फरनगर जिला पंचायत के एमओ और वरिष्ठ लिपिक अक्षय शर्मा मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.