यूपी में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार, सीएम योगी बोले- हैट्रिक के साथ नया रिकॉर्ड भी बनेगा

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया।
- सीएम योगी ने कहा कि इस बार हैट्रिक के साथ नया रिकॉर्ड भी बनेगा।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के दम पर चुनाव लड़ने की बात कही।
यूपी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बार केवल हैट्रिक ही नहीं बनेगी, बल्कि एक नया रिकॉर्ड भी कायम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के साथ पार्टी जनता के बीच जाएगी और उनका आशीर्वाद हासिल करेगी।
एक निजी चैनल के "राइजिंग भारत समिट" में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में पूरी मजबूती के साथ तीसरी बार पूर्ण बहुमत और प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में सफल होगी। इसे लेकर किसी को भी संदेह नहीं होना चाहिए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बदली हुई पहचान पर जिसे भी गर्व है, वह भाजपा सरकार को तीसरी बार मौका देगा। अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच साल मुख्यमंत्री रहने के बाद फिर चुनाव जीता और दूसरी बार भी पांच साल तक लगातार सरकार चलाई। भाजपा पहले भी कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और इस बार भी नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कल्पना कीजिए, क्या इंडी गठबंधन की किसी सरकार या समाजवादी पार्टी की सरकार में उत्तर प्रदेश या किसी दूसरे राज्य में ऐसा सुशासन देखने को मिल सकता था? उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है।
योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के शासन में अराजकता, जंगलराज और गुंडाराज का माहौल था। थाना, तहसील और जिलों को बंधक बनाने की कोशिशें की जाती थीं। जब भी इन दलों को मौका मिला, कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ी, कर्फ्यू और दंगे हुए तथा लूट-खसोट बढ़ी। भाजपा अपने सहयोगियों के साथ चुनाव में इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति ने उत्तर प्रदेश का बेड़ा गर्क किया था
80-20 के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा पहले भी ये उपलब्धियां हासिल कर चुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे कितना भी दुष्प्रचार करे या समाज को बांटने की कोशिश करे, उत्तर प्रदेश का हर व्यक्ति जानता है कि परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने प्रदेश का बेड़ा गर्क किया था।
योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में हर बेटी को असुरक्षित महसूस करना पड़ा, व्यापारियों को रंगदारी देने के लिए मजबूर किया गया और युवाओं की नौकरियों पर सेंध लगाई गई। उत्तर प्रदेश को अंधेरे में रहने के लिए मजबूर कर दिया गया था। कर्फ्यू और दंगे प्रदेश की पहचान बन गए थे और समाज के हर वर्ग के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय केवल योजनाओं पर ही एक परिवार का वर्चस्व नहीं था, बल्कि प्रदेश की पूरी राजनीति तुष्टीकरण की पराकाष्ठा पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि अपराधियों के राजनीतिकरण की बात तो सुनी होगी, लेकिन राजनीति का ही अपराधीकरण हो जाना समाजवादी पार्टी की पहचान थी।
उन्होंने कहा कि 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' उस समय की पहचान बन गई थी। हर थाने पर उनके गुंडों का कब्जा था। भर्ती आयोगों में भी अराजकता फैलाई गई। जो व्यक्ति चेयरमैन बनने की योग्यता तक नहीं रखता था, उसे भर्ती आयोग का अध्यक्ष बनाकर कब्जा कराया गया और अपने लोगों को जबरन भर्ती करने की कोशिश हुई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाते थे, जिन्होंने परीक्षा तक नहीं दी थी। उन्होंने ऐसे अभ्यर्थियों को 'मुन्ना भाई' बताया।
रात्रि दो बजे भी बेखौफ घर लौट रहीं बेटियां
प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलाव का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक कैंपस का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस परिसर में सिर्फ 100 लोग काम करते थे, जबकि अब यहां उत्तर प्रदेश के 18,000 युवा कार्यरत हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, कैंपस में काम करने वाली कई युवतियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलग-अलग इलाकों से आती हैं। उन्होंने उनसे पूछा कि क्या वे नाइट शिफ्ट में काम करती हैं और रात में घर लौटते समय उन्हें डर नहीं लगता? इस पर युवतियों ने बताया कि वे रात दो बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद अपनी बाइक से घर चली जाती हैं। उन्होंने कहा, 'कैसा भय? अब यूपी में गुंडाराज थोड़ी है।'
योगी ने कहा कि युवतियों का यह जवाब प्रदेश में कानून-व्यवस्था में आए बदलाव और उनके सम्मान का प्रमाण है।
निवेश और रोजगार के लिए बदली प्रदेश की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित माहौल का ही नतीजा है कि उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं। एचसीएल ने फॉक्सकॉन के साथ मिलकर प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है और इस पर तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की तत्कालीन सरकार ने इन्वेस्टर्स समिट आयोजित किया था, लेकिन कोई भी निवेशक लखनऊ आने के लिए तैयार नहीं था। तत्कालीन मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने के लिए पाखंड का सहारा लेता हो और कुर्सी जाने के डर से नोएडा न जाता हो, उस प्रदेश का बुरा हाल होना तय था।
उन्होंने कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री दंगाइयों को स्टेट प्लेन से बुलाकर मुख्यमंत्री आवास को कलंकित करता हो और उन्हें माला पहनाता हो, उस प्रदेश का बेड़ा गर्क होना ही था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, बल्कि उनकी दगाबाजी का उपचार किया जाता है और उन्हें दाग दिया जाता है। अब उत्तर प्रदेश में किसी को भी सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या किसी बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की छूट नहीं है। यही उत्तर प्रदेश की नई पहचान है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.