शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 500 अंक टूटा; निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपये डूबे

HIGHLIGHTS
- बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट दर्ज की गई।
- सेंसेक्स 500.38 अंक गिरकर 82,031.81 पर बंद हुआ।
- निफ्टी 159.46 अंक टूटकर 25,227.95 के स्तर पर आ गया।
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। हाल के कारोबारी सत्रों में तेज बढ़त के बाद प्रमुख सूचकांकों में कमजोरी दर्ज की गई। सेंसेक्स 500.38 अंक टूटकर 82,031.81 पर बंद हुआ। इसमें 0.60 फीसदी की गिरावट रही। वहीं, निफ्टी 159.46 अंक फिसलकर 25,227.95 के स्तर पर पहुंच गया, जो 0.63 फीसदी की कमी दर्शाता है।
इससे पिछले कारोबारी सत्र में बाजार नौ महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और विदेशी कोषों के निवेश से बाजार की गिरावट को कुछ सहारा मिला। बुधवार की गिरावट के चलते निवेशकों को करीब 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
क्यों गिरा भारतीय शेयर बाजार?
बाजार में गिरावट के पीछे चार प्रमुख वजहें सामने आईं। पहली वजह भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की ओर से मार्जिन ट्रेडिंग फंडिंग (एमटीएफ) की सीमाओं पर विचार करना रहा।
दूसरी ओर, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बढ़ाई। इसके अलावा, अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंकाएं भी तेज हुईं। वहीं, हालिया तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की, जिससे बाजार पर दबाव और बढ़ गया। इन सभी कारणों के मिले-जुले असर से प्रमुख सूचकांकों में गिरावट आई।
किन सेक्टरों में गिरावट, कहां दिखी बढ़त?
बाजार के ज्यादातर क्षेत्रीय सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। धातु, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं, रसायन, एफएमसीजी, सूचना प्रौद्योगिकी और ऑटोमोबाइल शेयरों में दबाव रहा। रियल एस्टेट और वित्तीय सेवा क्षेत्र में भी कमजोरी दर्ज की गई।
हालांकि, फार्मा, मीडिया और स्वास्थ्य सेवा के साथ मिड-स्मॉलकैप स्वास्थ्य सेवा सूचकांकों में मामूली तेजी रही। इन क्षेत्रों ने बाजार के सामान्य रुख से अलग प्रदर्शन किया। तेल और गैस क्षेत्र लगभग सपाट रहा, जो बाजार में सतर्कता के बीच चुनिंदा खरीदारी का संकेत देता है। शेयरों की बात करें तो टाइटन में 5 फीसदी और हिंडाल्को में 3 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
वैश्विक बाजारों का कैसा रहा प्रदर्शन?
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। लंदन समय के अनुसार सुबह 6:56 बजे एसएंडपी 500 वायदा 0.2 फीसदी की बढ़त पर था। नैस्डैक 100 वायदा में 0.6 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
एमएससीआई एशिया प्रशांत सूचकांक लगभग अपरिवर्तित रहा, जबकि एमएससीआई इमर्जिंग मार्केट्स सूचकांक 0.3 फीसदी चढ़ा। दूसरी ओर, हांगकांग का हैंग सेंग 1.1 फीसदी गिर गया। शंघाई कंपोजिट में लगभग कोई बदलाव नहीं हुआ। यूरो स्टॉक्स 50 वायदा भी करीब-करीब सपाट रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.