हमीरपुर में अतिक्रमण हटाने पहुंची पालिका टीम, विधायक ने बुलडोजर के सामने खड़े होकर जताया विरोध

HIGHLIGHTS
- कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों के काउंटर उठाए गए।
- दुकानदारों ने सदर विधायक को पूरे मामले की जानकारी दी।
- विधायक ने एसपी से बसों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
हमीरपुर। रोडवेज बस स्टैंड के सामने शुक्रवार को नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। फुटपाथ पर रखी दुकानों और सामान को हटाने पहुंची पालिका की टीम ने कई दुकानदारों के काउंटर भी उठा लिए। कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों में हलचल मच गई।
मामले की जानकारी दुकानदारों ने सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति को दी। सूचना मिलने पर भाजपा के सदर विधायक मौके पर पहुंचे और नगर पालिका के बुलडोजर के सामने खड़े होकर कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने ईओ समेत पालिका कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई।
विधायक ने कहा कि जाम दुकानों की वजह से नहीं, बल्कि सड़क पर खड़ी रोडवेज बसों के कारण लग रहा है। इसी दौरान उन्होंने मौके से ही एसपी को फोन किया और सड़क पर खड़ी होने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण हटाने पहुंची थी पालिका की टीम
शुक्रवार दोपहर शहर के मुख्य मार्ग पर रोडवेज डिपो के सामने फुटपाथ पर फैले अतिक्रमण को लेकर पालिका की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची थी। टीम ने कार्रवाई शुरू की तो दुकानदारों में हलचल बढ़ गई। इसके बाद दुकानदारों ने सदर विधायक को इसकी सूचना दी। विधायक ने मौके पर पहुंचकर नगर पालिका अधिकारियों की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध किया।
सदर विधायक ने पालिका ईओ हेमराज से कहा कि कार्रवाई में नियमों के साथ मानवीय पहलू का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर वास्तविक अतिक्रमण होने पर उसे हटाया जाए, लेकिन निर्धारित सीमा के भीतर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को बेवजह परेशान करना उचित नहीं है।
सड़क पर बसें खड़ी करने को लेकर जताई नाराजगी
विधायक ने बस स्टैंड के सामने सड़क पर खड़ी होने वाली रोडवेज बसों को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि डिपो के सामने सड़क पर बसें खड़ी करके सवारियां भरी जाती हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इसके बावजूद बसों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है और छोटे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पालिका का बुलडोजर पहुंच गया।
विधायक ने मौके से ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक को फोन कर सड़क पर बसें खड़ी करके सवारियां भरने से होने वाले जाम की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बसों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। साथ ही ईओ से दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने की बात कही।
दुकानदार बाबू, सद्दू और बिल्लू ने बताया कि उनकी दुकानें पालिका की ओर से लगाई गई रेलिंग के पीछे ही हैं। इसके बावजूद पालिका आए दिन उन्हें बेवजह परेशान करती रहती है। दुकानदारों के मुताबिक सड़क पर जाम बसों की वजह से लगता है।
विधायक के विरोध के बाद पालिका की टीम वापस लौट गई। इसके बाद दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.