मुस्कान शर्मा हत्याकांड: चैट देखकर भड़का था आकिब, एनकाउंटर में लगीं 3 गोलियां

HIGHLIGHTS
- राजौरी गार्डन की नाला रोड के पास पुलिस से हुई मुठभेड़
- आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की
- जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने सात राउंड गोलियां चलाईं
दिल्ली। तिलक नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड महावीर नगर में बुधवार रात घर में घुसकर माडल मुस्कान शर्मा की चाकू से हत्या करने के आरोपित आकिब उर्फ इमरान को पश्चिमी जिला पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
राजौरी गार्डन स्थित नाला रोड के पास पुलिस टीम ने जब आकिब को घेर लिया तो उसने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने सात राउंड गोली चलाईं, जिनमें से तीन गोलियां आकिब के दोनों पैरों में लगीं। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से एक देसी पिस्टल भी बरामद की गई है।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, 15 टीमों ने तलाश की
पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के मुताबिक, हत्या की घटना के बाद विभिन्न यूनिटों की 15 पुलिस टीमों को आरोपित की तलाश और जांच के लिए लगाया गया था।
वारदात के दिन की सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि आकिब शाम 5:45 बजे मुस्कान के घर में दाखिल हुआ था और करीब 6:00 बजे वहां से बाहर निकला। इसके बाद उसके निकलने के रास्ते और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के पास उसे घेर लिया।
हेड कांस्टेबल जितेंद्र और नंद किशोर ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आकिब ने लगातार गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कुल 11 राउंड फायरिंग हुई।
दूसरे युवक से चैट देखकर खोया आपा
प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे आकिब का सनकीपन और अत्यधिक गुस्सा सामने आया है। वारदात के बाद भागते समय वह मुस्कान का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मोबाइल बरामद कर लिया।
मोबाइल की जांच में दोनों के बीच हुई बातचीत के साथ मुस्कान की किसी अन्य युवक से चैट का भी पता चला। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आकिब जब मुस्कान के घर पहुंचा तो उसने उसका फोन चेक किया। दूसरे युवक के साथ बातचीत देखकर वह गुस्से में आ गया।
मुस्कान ने जब उसे घर से जाने के लिए कहा तो आकिब ने अपना आपा खो दिया। उसने मुस्कान को बिस्तर पर पटक दिया और पेट तथा सीने पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
छेड़छाड़, पोक्सो और हत्या के प्रयास का आरोपी
पुलिस के अनुसार आकिब का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह तिलक नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर रहा है। वर्ष 2018 में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसका हाथ तोड़ने के मामले में पोक्सो एक्ट के तहत उसे जेल भेजा गया था। जेल से बाहर आने के बाद भी उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।
वर्ष 2021 में एक व्यक्ति के सिर पर पत्थर की सिल्ली से जानलेवा हमला करने के आरोप में भी वह जेल गया था। दोनों मामले फिलहाल अदालत में विचाराधीन हैं और वह जमानत पर बाहर था।
मुस्कान ने भी 18 जुलाई को आकिब द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पोक्सो के आरोपी व्यक्ति को जिम में नौकरी कैसे मिली और क्या उसका पुलिस सत्यापन कराया गया था। इस संबंध में जिम मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।
नशे की लत का भी जिक्र
पुलिस के अनुसार आकिब को नशे की लत थी। नशे की आदत के चलते उसे नशामुक्ति केंद्र भेजा गया था, लेकिन वहां खुद को नुकसान पहुंचाने के कारण उसे 30 जुलाई को छोड़ दिया गया था।
हथियार कहां से मिला, जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरारी के दौरान आकिब को किसने पनाह दी और मुठभेड़ में इस्तेमाल हथियार उसे किसने उपलब्ध कराया। उसके मोबाइल की काल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पुलिस उसके मददगारों की तलाश कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.