हरिद्वार जा रहे जीजा-साले की बाइक रेलिंग से टकराई, मुजफ्फरनगर में दोनों की मौत

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में कांवड़ पटरी मार्ग पर बाइक हादसे में जीजा-साले की मौत हो गई।
- दिल्ली से हरिद्वार जा रहे दोनों युवक ओवरटेक करते समय बाइक का संतुलन बिगड़ने से गंगनहर किनारे रेलिंग से टकरा गए।
- पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र में चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई। दोनों दिल्ली से हरिद्वार जा रहे थे।
बताया गया कि रास्ते में एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और गंगनहर किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ओवरटेक करते समय बिगड़ा बाइक का संतुलन
जानकारी के अनुसार, सिखेड़ा गंगनहर पर ग्राम जंधेड़ी के सामने पहुंचने के दौरान राहुल ने आगे जा रहे एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि बाइक चला रहे राहुल ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि पीछे बैठे दीपक ने हेलमेट नहीं लगाया था।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 28 वर्षीय राहुल अग्री पुत्र लाला अग्री, निवासी विजय एन्क्लेव, पालम (दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली) और उसके जीजा दीपक सुनार पुत्र राम सुनार के रूप में हुई है।
दीपक मूल रूप से बेसवन टाउन, बेंगलुरु (कर्नाटक) के रहने वाले थे और वर्तमान में पश्चिमी दिल्ली के ज्वालाहेड़ी मार्केट में रह रहे थे। दोनों बाइक से खतौली होते हुए हरिद्वार जा रहे थे।
अस्पताल पहुंचने से पहले दोनों ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलने के बाद सिखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जानसठ और दीपक को सीएचसी खतौली पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.