मुजफ्फरनगर: पूर्व सांसद की भतीजी को फोन पर दिया तीन तलाक, ससुराल में घुसने से रोका

मुजफ्फरनगर में पूर्व बसपा सांसद हाजी याकूब कुरैशी की भतीजी जैबा परवीन ने अपने पति पर फोन पर तीन तलाक देने और ससुराल में प्रवेश से रोकने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उनका निकाह वर्ष 2020 में खालापार निवासी चमड़ा कारोबारी हाजी फराज से हुआ था।
शुरुआत में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में विवाद तब बढ़ गया जब परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि पति ने व्यापार के नाम पर जैबा के भाई से करीब 4 करोड़ रुपये उधार लिए थे, जो अभी तक वापस नहीं किए गए हैं।

जैबा परवीन के अनुसार, जब भी उन्होंने इस रकम की वापसी की बात उठाई, उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और कई बार मारपीट भी की गई। हाल ही में उन्हें किसी बहाने से मेरठ भेजा गया, जहां कथित तौर पर फोन पर तीन बार तलाक कहकर रिश्ता खत्म करने की बात कही गई।
मंगलवार शाम जब जैबा अपने ससुराल पहुंचीं, तो उन्हें घर के बाहर ही रोक दिया गया। काफी देर तक इंतजार और गुहार लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खोला गया, जिसके बाद वह वहीं धरने पर बैठ गईं।
पीड़िता ने बताया कि उनकी दो बेटियां अभी भी ससुराल में हैं। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जैबा ने राज्य सरकार से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने और अपने वैवाहिक अधिकारों की बहाली की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.