मुजफ्फरनगर: कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त बेहोश, पुलिस ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली निवासी एक शिवभक्त अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े।
- आसपास मौजूद शिवभक्तों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए कांवड़ को सुरक्षित रखा।
- सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन प्रभारी इंद्रजीत सिंह मौके पर पहुंचे और शिवभक्त को जिला अस्पताल पहुंचाया।
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार शाम करीब छह बजे एक शिवभक्त की अचानक तबीयत खराब होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दिल्ली के यमुना विहार निवासी आयुष, पुत्र हरवीर, हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कच्ची सड़क पर गाजा वाली पुलिया के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह चलते-चलते बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद शिवभक्त और स्थानीय लोग तुरंत उनकी सहायता के लिए पहुंचे। एक अज्ञात शिवभक्त ने सबसे पहले उनकी कांवड़ को संभालकर सुरक्षित रखा, जबकि अन्य लोगों ने उन्हें हवा की और पानी के छींटे मारकर होश में लाने का प्रयास किया। हालांकि तत्काल उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
इसी दौरान मौके पर मौजूद पत्रकारों ने कांवड़ कंट्रोल रूम को सूचना देकर इमरजेंसी चिकित्सा सहायता बुलाने की जानकारी दी। इससे पहले ही सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइन प्रभारी इंद्रजीत सिंह मौके पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी ने बिना देर किए बेहोश शिवभक्त को सरकारी वाहन में बैठाकर अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका उपचार शुरू कराया गया। इसके बाद वह स्वयं पैदल अहिल्याबाई चौक की ओर लौटकर अपनी ड्यूटी में फिर से जुट गए।
प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि भीषण गर्मी, उमस और लगातार पैदल यात्रा के कारण शिवभक्त की तबीयत बिगड़ी। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
बताया गया कि घटना के समय आयुष अकेले यात्रा कर रहे थे। उनके कुछ साथी आगे निकल चुके थे, जबकि कुछ पीछे रह गए थे। ऐसे में मौके पर मौजूद अज्ञात शिवभक्तों, स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से उन्हें समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सका।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.