मुजफ्फरनगर में कन्या जन्मोत्सव, 39 नवजात बेटियों और उनके परिवारों को किया सम्मानित

HIGHLIGHTS
- कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान मौजूद रहीं।
- नवजात बेटियों की माताओं को पालना, बेबी किट, कंबल और फल दिए गए।
- गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया।
मुजफ्फरनगर। बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य से गुरुवार को कन्या जन्मोत्सव, अन्नप्राशन और गोद भराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 3 बजे से शाम 5 बजे तक चले कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान मौजूद रहीं। इस दौरान 39 नवजात कन्याओं और उनके परिवारों को सम्मानित किया गया।
नवजात बेटियों की माताओं और परिजनों को पालना, मिठाई, बेबी किट, कंबल, फल और अन्य जरूरी सामान उपहार के रूप में दिए गए। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म कराई गई और शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया।
बेटियों को समान अवसर देने की अपील
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और परिजनों को बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसर के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। लोगों से बेटियों के जन्म पर खुशी मनाने और उन्हें बेटों के समान शिक्षा व आगे बढ़ने के अवसर देने की अपील की गई। इस दौरान 'बेटी है अनमोल, बेटी है सम्मान' का संदेश दिया गया।
5 लाभार्थियों को दिए गए लैपटॉप
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत कोविड से लाभ प्राप्त कर रहे 5 लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि इससे बच्चों को शिक्षा और डिजिटल संसाधनों से जुड़ने में सहायता मिलेगी।
समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति जानी
कार्यक्रम के बाद विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। महिला आयोग की अध्यक्ष ने संबंधित योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मिलीं 8 शिकायतें
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से संबंधित समस्याओं को लेकर 8 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया, महिला चिकित्सालय के सीएमएस, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीओ जानसठ ऋषिका सिंह समेत महिला कल्याण, बाल विकास, स्वास्थ्य, चिकित्सा और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.