मुजफ्फरनगर में सावन शिवरात्रि की धूम, शिव चौक पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब; हुई भव्य महाआरती

HIGHLIGHTS
- सावन शिवरात्रि के अवसर पर मुजफ्फरनगर के शिव चौक पर भव्य महाआरती का आयोजन हुआ।
- महाआरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
- राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय कुमार वर्मा मुख्य यजमान के रूप में पहुंचे।
मुजफ्फरनगर। सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को शहर के हृदयस्थल शिव चौक पर भव्य महाआरती का आयोजन हुआ। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। देर शाम करीब आठ बजे भगवान भोलेनाथ की आरती शुरू होते ही पूरा शिव चौक ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।
महाआरती में मुख्य यजमान के रूप में प्रदेश के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा पहुंचे। सभी ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक कराया गया। इसके बाद भगवान शिव की भव्य महाआरती संपन्न हुई।
आरती के दौरान शिव चौक पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। स्थानीय लोगों के साथ कांवड़ यात्रा पूरी करने के बाद भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने पहुंचे बड़ी संख्या में शिवभक्त भी महाआरती में शामिल हुए। चारों ओर गूंज रहे जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सावन शिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा के समापन के बाद आयोजित महाआरती को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भारी भीड़ के बीच पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते रहे और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखा। महाआरती के बाद शिव मूर्ति मंडल के संचालक शंकर स्वरूप बंसल ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि सावन माह के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस और प्रशासन शिवभक्तों की सेवा और सुरक्षा में पूरी तरह जुटा रहा। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की महाआरती में शामिल होना उनके लिए आध्यात्मिक अनुभव रहा।
सावन शिवरात्रि की रात शिव चौक पर हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष ने पूरे शहर को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया।
गणपति धाम मंदिर में भी हुई भव्य महाआरती
सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर भारतीय कॉलोनी स्थित श्री गणपति धाम शिव मंदिर में मंगलवार देर शाम करीब 8:30 बजे भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, भाजपा नेत्री ममता अग्रवाल, पूर्व विधायक अशोक कंसल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल पहुंचे। सभी ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन किया। इस दौरान देश-समाज की खुशहाली, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई।
इसके बाद पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच महाआरती हुई। आरती के दौरान मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।
सावन शिवरात्रि पर जलाभिषेक को लेकर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों में खासा उत्साह रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
महाआरती के समापन के बाद मंदिर कमेटी से जुड़े भीमसेन कंसल की ओर से अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। देर तक मंदिर परिसर में भोलेनाथ के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु भक्तिभाव में डूबे नजर आए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.