मुजफ्फरनगर: शिव चौक पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भाजपा-कांग्रेस नेताओं ने कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा

HIGHLIGHTS
- हरिद्वार और गंगोत्री से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों का दिनभर स्वागत किया गया।
- विभिन्न संगठनों ने कांवड़ियों के लिए सेवा, जलपान और अभिनंदन की व्यवस्था की।
- शिव चौक पर श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे।
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास के पहले सोमवार को मुजफ्फरनगर का ऐतिहासिक शिव चौक आस्था और भक्ति के रंग में डूबा नजर आया। हरिद्वार और गंगोत्री से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे हजारों कांवड़ियों के स्वागत के लिए पूरे दिन धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से सेवा और अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस से जुड़े नेताओं ने अलग-अलग समय पर शिव चौक पहुंचकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की और उनकी सुरक्षित व सफल यात्रा की कामना की।
सोमवार शाम करीब 7 बजे वरिष्ठ भाजपा नेता और समाजसेवी विभोर सिंगल (विभु) अपने सहयोगियों के साथ भगवान आशुतोष शिव प्रतिमा स्थल पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन किया और पुष्पमाला अर्पित कर जनकल्याण एवं कांवड़ यात्रा के सफल समापन की प्रार्थना की।
इसके बाद उन्होंने हरिद्वार और गंगोत्री से लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। भाजपा नेताओं ने श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए भगवान शिव से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने और यात्रा के मंगलमय रहने की कामना की।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता मोहन तायल, पुरुषोत्तम, संजय सक्सेना (ज्योतिर्विद), विश्वदीप गोयल, रक्षित नामदेव, हर्षित गर्ग और हितेश गर्ग सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने भी किया कांवड़ियों का स्वागत
इससे पहले कांग्रेस नेता और किसान चिंतक कमल मित्तल भी अपने समर्थकों के साथ शिव चौक पहुंचे। उन्होंने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सेवा की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है।
उन्होंने भगवान शिव से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होने और कांवड़ यात्रा के निर्विघ्न एवं सुरक्षित संपन्न होने की प्रार्थना की।
इस दौरान शहर कांग्रेस महासचिव हर्षवर्धन त्यागी, अभिमन्यु सर्राफ, आलोक अग्रवाल, अभिषेक मित्तल, दीपांशु, धरनावीर, मास्टर विजय सिंह, बिजेंद्र बालियान और संदीप कुमार समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंजा शिव चौक
श्रावण के पहले सोमवार को शिव चौक और आसपास का क्षेत्र 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से गूंजता रहा। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से शिवभक्तों के लिए जलपान, सेवा और स्वागत की व्यवस्था की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.