'मंत्री होकर भी आरक्षण नहीं बचा पा रहे', मुजफ्फरनगर में ओमप्रकाश राजभर पर बरसे श्यामलाल पाल

HIGHLIGHTS
- सपा प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने मुजफ्फरनगर पहुंचे
- हरेंद्र मलिक के आवास पर मीडिया से बातचीत की
- 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का किया जिक्र
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बुधवार को मुजफ्फरनगर में भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि राजभर गैर-राजनीतिक व्यक्ति हैं और कैबिनेट मंत्री रहते हुए भी अपने समाज का आरक्षण नहीं बचा पा रहे हैं। श्यामलाल पाल मुजफ्फरनगर में आयोजित सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। सम्मेलन से पहले उन्होंने पार्टी सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे मीडिया से बातचीत की।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में उत्तर प्रदेश की मौजूदा सरकार को हटाकर सामाजिक न्याय की सरकार बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि 2027 के लिए PDA की पूरी तैयारी है। उनके अनुसार PDA का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग है। उन्होंने इसमें दुखी, पीड़ित और अपमानित लोगों को भी शामिल बताते हुए कहा कि PDA इन वर्गों की समस्याओं को दूर करने का काम करेगा।
‘डबल इंजन सरकार शिक्षा विरोधी’
श्यामलाल पाल ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को शिक्षा विरोधी बताया। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद किए गए हैं और माध्यमिक विद्यालयों की स्थिति भी ठीक नहीं है। उन्होंने विश्वविद्यालयों की कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की नीतियां संविधान की मूल भावना के विपरीत हैं।
जौहर विश्वविद्यालय की कार्रवाई पर भी बोले
रामपुर स्थित जौहर अली विश्वविद्यालय पर कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर श्यामलाल पाल ने इसे गलत बताया। उन्होंने कहा कि वहां गरीब और वंचित वर्ग के बच्चे पढ़ते थे और कम खर्च में शिक्षा प्राप्त कर इंजीनियर और डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ते थे।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को लेकर पूछे गए सवाल पर श्यामलाल पाल ने कहा कि वह गैर-राजनीतिक व्यक्ति हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.