मुजफ्फरनगर: डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने नर्सिंग होम पर लगाया लापरवाही का आरोप

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के रमानी नर्सिंग होम में डिलीवरी के बाद महिला फरजाना की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा।
- परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
- अस्पताल प्रबंधन ने अत्यधिक रक्तस्राव के कारण चिकित्सकीय जटिलता से मौत होने की बात कही, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुजफ्फरनगर। शहर के थाना खालापार क्षेत्र स्थित रमानी नर्सिंग होम में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद रविवार शाम करीब 4 बजे मृतका के परिजनों ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर हंगामा किया।
परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने महिला की मौत को चिकित्सकीय जटिलता का परिणाम बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नई मंडी थाना क्षेत्र के कुकड़ा निवासी मोहम्मद वकील अपनी पत्नी फरजाना को रविवार सुबह करीब 9 बजे प्रसव के लिए खालापार स्थित रमानी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में महिला की सामान्य डिलीवरी कराई गई और नवजात शिशु को पूरी तरह स्वस्थ बताया गया।
डिलीवरी के कुछ समय बाद अचानक फरजाना की तबीयत खराब हो गई और शाम करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की ओर से उन्हें समय पर महिला की गंभीर स्थिति की जानकारी नहीं दी गई।
परिजनों का कहना है कि फरजाना की मौत सुबह ही हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने इसकी जानकारी काफी देर बाद दी। उनका आरोप है कि यदि समय रहते सही जानकारी दी जाती और बेहतर उपचार मिलता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
महिला की मौत की सूचना के बाद बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टर व अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं, रमानी नर्सिंग होम की संचालक डॉ. नीना रमानी ने परिजनों के आरोपों को गलत बताया। उन्होंने कहा कि महिला को रविवार सुबह प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी नॉर्मल डिलीवरी सफलतापूर्वक कराई गई और नवजात पूरी तरह सुरक्षित है।
डॉ. नीना रमानी के अनुसार, डिलीवरी के बाद महिला को अचानक बच्चेदानी से अत्यधिक रक्तस्राव की समस्या हुई। उसे बचाने के लिए डॉक्टरों ने हर संभव प्रयास किया, लेकिन लगातार कोशिशों के बावजूद महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और चिकित्सकीय तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.