नीट छात्रों की मांग जायज, लेकिन राहुल-अखिलेश का आंदोलन राजनीति: ओपी राजभर

HIGHLIGHTS
- ओमप्रकाश राजभर ने नीट छात्रों की मांगों को जायज बताया, लेकिन विपक्ष के आंदोलन को राजनीति करार दिया।
- राजभर ने पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था पर सरकार की कार्रवाई का दावा किया।
- मंत्री ने सपा-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
यूपी सरकार के पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने दिल्ली में नीट अभ्यर्थियों की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को उचित बताया, लेकिन राहुल गांधी और अखिलेश यादव के आंदोलन को राजनीतिक बताते हुए उन पर निशाना साधा।
मीडिया से बातचीत के दौरान राजभर ने कहा कि छात्रों की मांग सही है और पेपर लीक नहीं होना चाहिए। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे को लेकर राजनीति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर गए थे, लेकिन प्रदर्शन के दौरान देशविरोधी नारे लगाए गए। राजभर ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी, आजाद समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेता छात्रों को उकसाने के लिए पहुंचे थे, लेकिन लाठीचार्ज के समय उन्हें छोड़कर चले गए।
परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने का दावा
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में खुलेआम नकल और पेपर लीक की घटनाएं होती थीं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में नकलविहीन परीक्षाएं कराई जा रही हैं और पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
लाठीचार्ज का समर्थन नहीं, भड़काने वालों पर कार्रवाई हो: राजभर
मंत्री ने कहा कि वह छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का समर्थन नहीं करते, लेकिन छात्रों को भड़काने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान नौकरियों के लिए बोली लगती थी, जबकि मौजूदा सरकार ने बिना भ्रष्टाचार के प्रदेश में नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं।
एफएमडी टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ
ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही पौधरोपण और जल संरक्षण का संदेश भी दिया।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
प्रभारी मंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा में सुधार हुआ है और जिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के कारण राजधानी तक पहुंच आसान हुई है और अधिकांश घरों में शौचालय बनाए जा चुके हैं। राजभर ने कहा कि सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.