नोएडा: बर्थडे पार्टी के बहाने घर से निकला आयुष, पांच दिन बाद जंगल में मिला शव

HIGHLIGHTS
- 16 अगस्त को पार्टी के लिए घर से निकला था आयुष
- पांच दिन बाद नाले के पास मिला अज्ञात शव
- मोर्चरी में मां ने की शव की पहचान
नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग पर अपने 15 वर्षीय दोस्त आयुष शुक्ला की कथित तौर पर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को सेक्टर-54 के जंगल स्थित नाले में फेंकने का आरोप है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं।
बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया और कर दी हत्या
जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय छात्र आयुष शुक्ला सेक्टर-20 स्थित अपने घर में रहता था। 16 अगस्त की शाम नाबालिग आरोपी ने आयुष को अपनी बर्थडे पार्टी में शामिल होने के बहाने बुलाया था। आयुष पार्टी में जाने के लिए घर से निकला, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
जंगल में सड़ी-गली हालत में मिला शव
लापता होने के पांच दिन बाद 21 अगस्त की रात पुलिस को सेक्टर-54 के जंगल में नाले के पास से एक अज्ञात सड़ा-गला शव मिला था। मंगलवार दोपहर पुलिस ने आयुष की मां को मोर्चरी बुलाकर शव की पहचान कराई। शव की पहचान आयुष शुक्ला के रूप में हुई।
परिजनों का आरोप- पुलिस काटती रही चक्कर, करती रही गुमराह
मामले में पुलिस की लापरवाही के भी आरोप लगाए गए हैं। मृतक छात्र की मां का कहना है कि 16 अगस्त को बेटे के लापता होने के बाद से वह लगातार थाने और चौकी के चक्कर काट रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें लगातार गुमराह किया जाता रहा।
नाबालिग हत्यारोपी और उसके दोस्त पर मुकदमा दर्ज
स्वजनों की शिकायत और प्रयासों के बाद सोमवार रात सेक्टर-24 थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आयुष की हत्या कर शव को नाले में फेंकने के आरोप में नाबालिग हत्यारोपी और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.