कूनो में मादा चीता निर्वा की लोकेशन 5 दिन से गायब, 100 से ज्यादा वनकर्मी तलाश में जुटे
By Hitesh — August 25, 2026

HIGHLIGHTS
- खराब मौसम और बारिश से सिग्नल मिलने में परेशानी
- फिलहाल केवल करीब 500 मीटर रेंज का BHF सिग्नल मिल रहा
- जंगल के अलग-अलग हिस्सों में टीमें कर रही हैं गश्त
Author: — Dainik Dehat
कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता निर्वा की सैटेलाइट कॉलर आईडी से लोकेशन मिलना बंद होने के बाद वन विभाग ने उसकी तलाश के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। पिछले चार-पांच दिनों से निर्वा की सटीक लोकेशन नहीं मिल पा रही है। कूनो प्रबंधन ने उसकी तलाश के लिए 100 से अधिक वनकर्मियों को जंगल में उतारा है। जमीन पर खोजबीन के साथ संभावित क्षेत्रों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।
कूनो प्रबंधन ने निर्वा की तलाश के लिए पांच विशेष टीमें बनाई हैं। ये टीमें जंगल के अलग-अलग हिस्सों में लगातार गश्त कर रही हैं। वन्यजीव अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम और बारिश के चलते सैटेलाइट कॉलर आईडी से सिग्नल मिलने में परेशानी हो रही है। फिलहाल पार्क कर्मचारियों को केवल बीएचएफ सिग्नल मिल रहे हैं, जिसकी प्रभावी रेंज करीब 500 मीटर तक है। घने जंगल में सीमित रेंज के कारण निर्वा की सही स्थिति का पता लगाना टीमों के लिए चुनौती बना हुआ है।
पहले भी 22 दिन तक लापता रही थी निर्वा
निर्वा के निगरानी से बाहर होने का यह पहला मामला नहीं है। जुलाई 2023 में भी उसकी कॉलर आईडी ने काम करना बंद कर दिया था। इसके बाद निर्वा 22 दिनों तक वन विभाग की निगरानी से बाहर रही थी। उस समय करीब छह घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, निर्वा के नर और मादा शावक अब उससे अलग हो चुके हैं। शावकों के शिकार करने और खुद जीवनयापन करने में सक्षम होने के बाद उनका मां से अलग होना चीतों के जीवनचक्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है।
निर्वा के बार-बार गायब होने से निगरानी पर सवाल
मादा चीता निर्वा के बार-बार निगरानी से बाहर होने के कारण कूनो नेशनल पार्क की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वन्यजीव कार्यकर्ताओं ने कूनो में तेंदुओं के शिकार और चीतों को बार-बार बेहोश किए जाने जैसे मुद्दों का हवाला देते हुए वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर चिंता जताई है।
फिलहाल वन विभाग की टीमें निर्वा की तलाश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और जल्द ही मादा चीता की लोकेशन का पता लगा लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.