जेवर एयरपोर्ट के आसमान में इंडिगो के विमान ने लगाए कई चक्कर, सामने आई वजह

HIGHLIGHTS
- 19 और 20 अगस्त को नोएडा एयरपोर्ट से इंडिगो के विमान ने उड़ानें संचालित कीं।
- एयरबस ए320 ने जेवर, जहांगीरपुर, पिसावा, चंडौस और खैर के ऊपर उड़ान भरी।
- 20 अगस्त को विमान ने 6ई9042 उड़ान संख्या के साथ संचालन किया।
जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के हवाई क्षेत्र में पिछले दो दिनों से इंडिगो के एयरबस ए320 विमान की लगातार गतिविधियां दिखाई दे रही थीं।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. (यापल) की ओर से बताया गया कि विमान की ये उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के समन्वय से संचालित की जा रही हैं।
ये उड़ानें एयरलाइन के नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा हैं। भविष्य में भी इस तरह की उड़ानें यहां से संचालित की जा सकती हैं।
स्थानीय लोगों में बनी चर्चा
19 और 20 अगस्त को इंडिगो का विमान नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद जेवर, जहांगीरपुर, पिसावा, चंडौस और खैर क्षेत्र के ऊपर अलग-अलग पैटर्न में कई बार चक्कर लगाता दिखाई दिया।
इससे स्थानीय लोगों के बीच विमान की गतिविधियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई। 20 अगस्त को विमान ने 6ई9042 उड़ान संख्या के साथ नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी और वापस इसी एयरपोर्ट पर लौटा।
बृहस्पतिवार को दो उड़ानें संचालित की गईं। पहली उड़ान करीब एक घंटे 46 मिनट और दूसरी लगभग 31 मिनट की रही। यापल के अनुसार, प्रशिक्षण उड़ानें एयरलाइन के परिचालन और प्रशिक्षण कार्यक्रम का नियमित हिस्सा हैं। ऐसी उड़ानों की योजना निर्धारित विमानन प्रक्रियाओं के तहत बनाकर उन्हें संचालित किया जाता है।
इन उड़ानों के दौरान पायलट और क्रू को संबंधित एयरपोर्ट की परिचालन प्रक्रियाओं, हवाई मार्गों और एटीसी के साथ समन्वय का व्यावहारिक अभ्यास कराया जा सकता है। प्रशिक्षण उड़ानों में विमान को अलग-अलग दिशाओं और निर्धारित मार्गों पर संचालित किया जाता है।
इससे चालक दल को एयरपोर्ट के आसपास के हवाई क्षेत्र और उड़ान प्रक्रियाओं से परिचित होने का अवसर मिलता है। साथ ही एयरलाइन, एयरपोर्ट और एटीसी के बीच समन्वय को वास्तविक परिचालन परिस्थितियों में भी परखा जाता है।
तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण
एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवाओं के विस्तार की तैयारियों के बीच इन प्रशिक्षण उड़ानों को परिचालन व्यवस्था के अभ्यास और चालक दल की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रा. लि. (यापल) के मुताबिक, इंडिगो, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के साथ मिलकर ट्रेनिंग फ्लाइट्स का संचालन कर रही है।
इस तरह की उड़ानें एयरलाइन के कामकाज और प्रशिक्षण कार्यक्रम का सामान्य हिस्सा होती हैं। ये गतिविधियां निर्धारित विमानन प्रक्रियाओं के अनुसार योजनाबद्ध तरीके से आयोजित की जाती हैं और जरूरत के अनुसार भविष्य में भी जारी रह सकती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.