पटना में छात्र आंदोलन: पुलिस ने वाटर कैनन व लाठीचार्ज किया

HIGHLIGHTS
- छात्रों ने अलग-अलग मांगों को लेकर किया प्रदर्शन
- लोकभवन मार्च के लिए सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी
- डाकबंगला चौराहे पर भारी पुलिस बल रहा तैनात
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को विभिन्न छात्र संगठनों के प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। अलग-अलग मांगों को लेकर सड़क पर उतरे छात्रों ने लोकभवन मार्च का ऐलान किया था। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और कई प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। डाकबंगला चौराहे पर छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। छात्रों ने जब पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें पीछे खदेड़ दिया।
छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए डाकबंगला चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बताया जा रहा है कि आंदोलन को नियंत्रित करने के लिए इस बार यहां पहली बार भारी लोहे की चादरों से बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे। बैरिकेडिंग टूटने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया।
मांगों को लेकर छात्रों का प्रदर्शन
दरअसल, छात्र संगठन अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इनमें TRE-4 परीक्षा से जुड़ी मांगें प्रमुख हैं। छात्र TRE-4 में निगेटिव मार्किंग हटाने और परीक्षा को एकल चरण में कराने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा छात्र संगठनों की ओर से एक अभ्यर्थी-एक परिणाम की मांग भी उठाई जा रही है।
छात्रों के आंदोलन को खत्म कराने के लिए राज्य सरकार ने सोमवार को बातचीत की पहल की थी। सरकार के निर्देश के बाद शिक्षा सचिव के साथ पटना के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी सक्रिय हुए। छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें की गईं। इन बैठकों में विभिन्न मुद्दों पर दो से तीन घंटे तक चर्चा हुई।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
वार्ता के दौरान कई मांगों और मुद्दों पर छात्र संगठनों और प्रशासन के बीच सहमति बनने की बात सामने आई, लेकिन TRE-4 में निगेटिव मार्किंग हटाने और परीक्षा को एक ही चरण में कराने की मांग पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्र संगठनों ने मंगलवार को पहले से घोषित कार्यक्रम के अनुसार सड़क पर उतरने का फैसला किया।
प्रदर्शनकारियों के लोकभवन मार्च को देखते हुए पटना पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी। डाकबंगला चौराहा प्रदर्शन का प्रमुख केंद्र बना रहा। यहां पुलिस और छात्रों के बीच काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। छात्रों ने आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया।
मांगों पर अड़े छात्र संगठन
फिलहाल पटना में प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें संवेदनशील स्थानों पर तैनात हैं। छात्र संगठन अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, जबकि प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। आंदोलन आगे किस दिशा में जाता है, यह सरकार और छात्र संगठनों के बीच होने वाली अगली बातचीत पर निर्भर करेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.