यूपी में स्पेशल टीईटी का विज्ञापन जारी, 3 नवंबर को होगी परीक्षा

HIGHLIGHTS
- विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के विशेष शिक्षकों के लिए होगी।
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और आवेदन की प्रक्रिया 5 सितंबर से शुरू होगी।
- आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 4 अक्टूबर तय की गई है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बृहस्पतिवार को स्पेशल टीईटी के लिए विज्ञापन जारी कर दिया। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक, विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन 3 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत विशेष शिक्षकों के लिए आयोजित होगी।
आयोग के विज्ञापन के अनुसार, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) और आवेदन की प्रक्रिया 5 सितंबर से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 4 अक्टूबर निर्धारित की गई है। वहीं, ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर 2026 रखी गई है। विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा 3 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षकों के लिए टीईटी किया था अनिवार्य
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 1 सितंबर 2025 को शिक्षकों से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण आदेश दिया था। इसमें कहा गया था कि 31 अगस्त 2028 तक सभी कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी पास करना अनिवार्य होगा। हालांकि, पांच वर्ष से कम सेवा वाले शिक्षकों को बिना टीईटी के सेवा जारी रखने की अनुमति दी गई है।
इस आदेश के बाद शिक्षकों ने कई दिनों तक अलग-अलग शहरों और लखनऊ में धरना-प्रदर्शन किया था। शिक्षकों के प्रभावित होने को देखते हुए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर कार्यरत शिक्षकों के साथ विशेष शिक्षकों के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित करने के संबंध में 2 सितंबर को निर्देश जारी किए गए थे। इसके बाद बृहस्पतिवार को चयन आयोग की ओर से परीक्षा का विज्ञापन जारी कर दिया गया।
अर्हता पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही करें आवेदन
आयोग ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों को सबसे पहले ओटीआर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही वे विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
विस्तृत विज्ञापन और इससे संबंधित दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट https://upessc.up.gov.in/ पर उपलब्ध हैं। आयोग के अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन और उसमें दिए गए सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। साथ ही, निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले अभ्यर्थी ही तय अवधि के भीतर अपना आवेदन प्रस्तुत करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.