यादद्री-भुवनगिरी के PHC में मरीज ने डॉक्टर और कर्मचारियों पर किया हमला

HIGHLIGHTS
- आरोपी पैर की चोट का इलाज कराने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा था।
- वारदात के दौरान तीन अस्पताल कर्मियों के साथ मारपीट की गई।
- आरोपी ने अस्पताल के कंप्यूटर को भी नुकसान पहुंचाया।
हैदराबाद। तेलंगाना के यादद्री-भुवनगिरी जिले के पोचमपल्ली स्थित एक पीएचसी में मरीज द्वारा डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारियों पर हमला करने का मामला सामने आया है। इलाज के बाद मरीज ने अचानक महिला डॉक्टर और अस्पताल कर्मियों के साथ मारपीट की। इस दौरान उसने डॉक्टर का स्टेथोस्कोप छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इलाज के बाद मरीज ने खोया आपा
घटना गुरुवार, 1 अक्तूबर की सुबह करीब 11:15 बजे पोचमपल्ली पीएचसी में हुई। आरोपी की पहचान महम्मया कॉलोनी निवासी दुद्याला वेंकटा थिरुपति के तौर पर हुई है। वह पैर की चोट का इलाज कराने अस्पताल पहुंचा था।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपी को मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है। इलाज के तुरंत बाद उसने अचानक हिंसक व्यवहार करते हुए दो महिला कर्मचारियों समेत तीन अस्पताल कर्मियों के साथ मारपीट की। उसने ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टर डॉ. के. श्रेता पर भी हमला किया। इसके बाद डॉक्टर का स्टेथोस्कोप छीन लिया और अस्पताल के कंप्यूटर को भी नुकसान पहुंचाया।
पुलिस स्टेशन पहुंचा अस्पताल स्टाफ
घटना के बाद पीएचसी के कर्मचारी शिकायत दर्ज कराने पोचमपल्ली पुलिस स्टेशन पहुंचे। अस्पताल कर्मियों के वहां पहुंचने पर आरोपी पहले से ही पुलिस स्टेशन में मौजूद था।
अस्पताल स्टाफ ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति का हवाला देकर मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। इसके विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों ने काले बैज लगाकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.