'धमाके आतंकियों के अड्डों पर हो रहे थे, गूंज पूरी दुनिया सुन रही थी...' मेलबर्न में ऑपरेशन सिंदूर पर बोले पीएम मोदी

HIGHLIGHTS
- ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित मार्वल स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ी संख्या में जुटे प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया।
- पीएम मोदी ने भारतीय संस्कृति, प्रवासी समुदाय के योगदान और भारत-ऑस्ट्रेलिया के मजबूत होते संबंधों पर जोर दिया।
- ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भी भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए दोनों देशों की साझेदारी को महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें अपना मित्र बताया। अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने हिंदी और गुजराती में सभी का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह हाउसफुल है और किसी ब्लॉकबस्टर शो से कम नहीं है।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का जताया आभार
पीएम मोदी ने कहा कि जिस उत्साह और ऊर्जा के साथ उनका स्वागत किया गया है, वह बेहद खास है। उन्होंने कहा कि मेलबर्न ने इस मामले में बाजी मार ली है। साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज को अपना और भारत का मित्र बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अल्बानीज पहले सिडनी में भी उनके साथ थे और अब मेलबर्न में भी भारतीय समुदाय के बीच पहुंचे हैं।
भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों पर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वह वर्ष 2014 में ऑस्ट्रेलिया आए थे, तब 28 वर्षों के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का दौरा हुआ था। उस समय उन्होंने कहा था कि अब 28 साल तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में यह उनका ऑस्ट्रेलिया का तीसरा दौरा है और इस तरह उनकी यहां हैट्रिक पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों का प्रमाण है और इसमें सबसे बड़ी भूमिका उनकी नहीं, बल्कि ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय समुदाय की है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि लोग कहते हैं कि मेलबर्न में एक ही दिन में तीन मौसम देखने को मिल जाते हैं, लेकिन यहां रहने वाले भारतीयों ने अपने सांस्कृतिक रंगों से इस शहर को और भी खास बना दिया है। उन्होंने कहा कि यहां कई ऐसे बाजार हैं, जिन्हें कोई 'लिटिल इंडिया' तो कोई 'मिनी इंडिया' कहता है। नाम चाहे जो भी हो, लेकिन इन जगहों पर भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि किसी ने उन्हें ऐसे ही एक बाजार का वीडियो दिखाया था, जिसमें बताया गया कि वहां हमेशा सेल लगी रहती है। लोग इन सेल्स के आकर्षण में इस कदर शामिल हो जाते हैं कि खरीदारी की जरूरत न होने पर भी कुछ न कुछ खरीद ही लेते हैं। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, "सेल के चक्कर में लोग घंचक्कर बन जाते हैं।"
'हम दूध में घुलने वाली चीनी की तरह हैं'
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय दूध में घुलने वाली चीनी की तरह हैं, जो उसे और अधिक मीठा बना देती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जहां भी जाते हैं, वहां अपने प्रेम और अपनापन की मिठास घोल देते हैं। उन्होंने कहा कि घर में दूध भले ही ऑस्ट्रेलिया का हो, लेकिन उससे बनने वाली चाय भारतीय होती है। इसी तरह दाल और सब्जियां ऑस्ट्रेलिया की हो सकती हैं, लेकिन उनमें असली स्वाद भारतीय मसालों के तड़के से आता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब एक सपना पूरा होता है, तो उससे नया सपना जन्म लेता है। पहले कहा जाता था कि एक दीपक हजारों दीपकों को रोशन करता है, लेकिन आज वह कहते हैं कि एक सपना हजारों नए सपनों को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि एक लक्ष्य हासिल होने के बाद उससे भी बड़ा संकल्प सामने आता है। उन्होंने कहा कि भारत 'ग्रो मोर, अचीव मोर' यानी ज्यादा विकास और ज्यादा उपलब्धियों में विश्वास रखने वाला देश है। उन्होंने कहा कि 1.4 अरब लोगों का भारत उम्मीदों और आकांक्षाओं से भरा हुआ है।
'गगनयान मिशन की तैयारी में भारत'
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब अपने 'गगनयान' मिशन को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है और भविष्य में अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने के लक्ष्य पर भी काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा 5जी बाजार बन चुका है और 'मेक इन इंडिया' के तहत 6जी तकनीक पर भी तेजी से कार्य हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के दो दर्जन से अधिक शहरों तक मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ है। आज भारत में प्रतिदिन 1.25 करोड़ से ज्यादा लोग मेट्रो से यात्रा करते हैं और देश दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क रखता है। उन्होंने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल और वंदे भारत जैसी सेमी-हाई-स्पीड रेल सेवाओं का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया अब भारत के रक्षा प्लेटफॉर्म की क्षमता और उसकी विश्वसनीयता को देख रही है। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान इसका प्रदर्शन पूरी दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा कि आतंकवादी ठिकानों पर हुए हमलों की गूंज केवल वहीं तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरी दुनिया ने उसे महसूस किया। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या इस कार्रवाई ने उन्हें गर्व से भर दिया या नहीं।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले 12 वर्षों में 'मेक इन इंडिया' एक वैश्विक ब्रांड बन चुका है। भारत में बने मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद दुनिया के कई देशों के बाजारों तक पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही भारतीय ऑटोमोबाइल और फार्मास्युटिकल उत्पादों ने भी वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.