मन की बात में पीएम मोदी का संदेश: ‘वोकल फॉर लोकल’ को बनाएं जीवन मंत्र

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 128वें संस्करण के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा के आरोहण सहित कई राष्ट्रीय घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि “टीम भावना के साथ किया गया हर प्रयास सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि नवंबर का महीना कई प्रेरक घटनाओं का साक्षी रहा। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर संसद के सेंट्रल हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसी माह वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत की गई। अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा आरोहण और कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पांचजन्य स्मारक के लोकार्पण को भी उन्होंने विशेष रूप से याद किया।
शहद उत्पादन और किसानों की आय पर जोर
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने शहद उद्योग का जिक्र करते हुए कहा कि शहद की मिठास के पीछे असंख्य लोगों की कड़ी मेहनत छिपी होती है। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर के सुलाई शहद को हाल ही में जीआई टैग मिलने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर उसकी पहचान और मजबूत हुई है। दक्षिण कन्नड़ जिले में ग्रामजन्य संस्था द्वारा शहद उत्पादन को ब्रांडिंग के साथ बाज़ार तक पहुँचाने के मॉडल की भी उन्होंने सराहना की, जिससे स्थानीय किसानों की आय में वृद्धि हुई है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत शहद उत्पादन में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। देश में शहद का वार्षिक उत्पादन अब डेढ़ लाख मीट्रिक टन से अधिक पहुंच गया है, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिल रहा है और किसानों की आय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
खाद्यान्न उत्पादन में ऐतिहासिक सफलता
मोदी ने जानकारी दी कि भारत ने इस वर्ष 357 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन के साथ एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में खाद्यान्न उत्पादन में लगभग 100 मिलियन टन की वृद्धि हुई है, जो कृषि क्षेत्र की प्रगति को दर्शाता है।
इसरो की अनोखी ड्रोन चुनौती
प्रधानमंत्री ने हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो का भी जिक्र किया, जिसमें इसरो द्वारा आयोजित विशेष ड्रोन प्रतियोगिता दिखाई गई थी। इस प्रतियोगिता में युवा प्रतिभागियों को मंगल ग्रह जैसी परिस्थितियों में ड्रोन उड़ाने की चुनौती दी गई थी। पुणे की एक टीम ने कई प्रयासों के बाद आंशिक सफलता हासिल की। उनका ड्रोन कई बार गिरने और क्रैश होने के बावजूद अंततः कुछ देर के लिए उड़ान भरने में कामयाब रहा। पीएम मोदी ने युवाओं की दृढ़ता और नवाचार भावना की सराहना की।
वोकल फॉर लोकल पर फिर जोर
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ को निरंतर अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने विश्व नेताओं को भारतीय कारीगरों द्वारा निर्मित उपहार भेंट किए—जापान की प्रधानमंत्री को भगवान बुद्ध की चांदी की प्रतिमा और इटली की प्रधानमंत्री को करीमनगर की पारंपरिक कला।
उन्होंने प्रसन्नता जताई कि त्योहारों के दौरान देशवासियों ने बड़ी संख्या में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी। युवाओं द्वारा इस अभियान को गति देने की भी उन्होंने सराहना की और आगामी क्रिसमस में भी स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.