पीएम मोदी ने फ्लाईदुबई के पायलट स्मित मच्छार से की फोन पर बात, बहादुरी को सराहा

HIGHLIGHTS
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की।
- बातचीत में पीएम मोदी ने घटना से जुड़ी पूरी जानकारी ली।
- प्रधानमंत्री ने मुश्किल परिस्थितियों में कैप्टन मच्छार के अनुभव के बारे में पूछा।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना की, जिनके साहस से विमान में सवार 180 लोगों की जान बच सकी।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित मच्छार से पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने उनके अनुभव के बारे में भी जाना और पूछा कि इतने मुश्किल हालात के बीच उन्होंने किस तरह खतरे का सामना किया और अपना हौसला बनाए रखा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी से टली बड़ी आतंकी घटना
बुधवार को दुबई से इजराइल की राजधानी तेल अवीव जा रहे एक विमान को क्रैश कराने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई थी। इस मामले में आरोपी विमान का सह-पायलट ही था।
आरोपी ने विमान के भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर नुकीली चीज से हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने हिम्मत नहीं छोड़ी और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया।
इसके बाद कुछ यात्री कॉकपिट के अंदर पहुंचे और उन्होंने आरोपी को काबू कर लिया। इसके बाद किसी तरह विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
हमले के समय विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें से 150 इस्राइली नागरिक थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.