कैंची धाम जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 2 से 4 अक्टूबर तक रहेगा डायवर्जन

HIGHLIGHTS
- पुलिस ने कैंची धाम क्षेत्र में यातायात को सुचारु रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है।
- बाहरी जिलों से भीमताल के रास्ते आने वाले निजी वाहन विकास भवन पार्किंग में खड़े कराए जाएंगे।
- पार्किंग से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन की सुविधा रहेगी।
हल्द्वानी। वीकेंड के साथ गांधी जयंती की छुट्टी के चलते कैंची धाम में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। दो से चार अक्टूबर तक कैंची धाम जाने वाले लोगों के लिए पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। सफर के दौरान परेशानी से बचने के लिए यात्रियों को इस रूट प्लान की जानकारी रखना जरूरी होगा।
कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में ट्रैफिक को व्यवस्थित रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने विशेष यातायात और रूट डायवर्जन व्यवस्था बनाई है। यह व्यवस्था आज सुबह से चार अक्टूबर की रात तक लागू रहेगी।
हल्द्वानी से कैंची धाम जाने वाले पर्यटक वाहन
बाहरी जिलों से भीमताल के रास्ते कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन के जरिए भवाली होते हुए कैंची धाम दर्शन के लिए भेजा जाएगा। वापसी के लिए भी इसी शटल व्यवस्था का इस्तेमाल किया जाएगा।
हल्द्वानी और अल्मोड़ा की तरफ से आने वाले भारी वाहन
कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर के रास्ते हल्द्वानी भेजा जाएगा।
आवश्यक सेवा वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं के भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति दी जाएगी। अन्य भारी वाहनों को सैनेटोरियम तिराहा, भवाली से पीछे रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर वाहनों को रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से निकाला जाएगा।
नैनीताल और गेठिया की ओर से आने वाले वाहन
गेठिया-नैनीताल मार्ग से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को भवाली सेनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा और वापस लाया जाएगा।
भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाला यातायात
भवाली से आगे पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को यातायात की स्थिति को देखते हुए रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जा सकता है।
पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाला ट्रैफिक
पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले चारपहिया वाहनों को ट्रैफिक के दबाव के अनुसार क्वारब-रामगढ़-नथुवाखान बाईपास मोटर मार्ग से निकाला जाएगा। इसका उद्देश्य वाहनों को बिना रुकावट उनके गंतव्य तक पहुंचाना है।
टैक्सी और दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया टैक्सी वाहनों के अनावश्यक प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर
एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए विशेष ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था रहेगी। इससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत किया जा सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.