रीति तिवारी और उनकी मां ने एकम बावा के दावों को किया खारिज, भेजा कानूनी नोटिस

HIGHLIGHTS
- एकम बावा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए थे।
- उन्होंने रीति के खर्चों से जुड़े बयानों पर सवाल उठाए थे।
- रीति ने शो में अपने पिता से मिलने वाली आर्थिक मदद का जिक्र किया था।
हाल ही में पंजाबी सिंगर एकम बावा ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो शेयर किए थे। इन वीडियोज में उन्होंने दावा किया था कि रीति ने शो में अपने खर्चों को लेकर गलत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने खुद को रीति का सौतेला पिता भी बताया था। अब रीति और उनकी मां प्रतिमा पांडे की ओर से एकम बावा के इन दावों पर जवाब दिया गया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
दरअसल, हाल ही में ‘बिग बॉस 20’ के घर में रीति ने अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में बात की थी। उन्होंने बताया था कि उनके पिता और अभिनेता-राजनेता मनोज तिवारी उन्हें हर महीने करीब 20 से 25 हजार रुपये देते थे।
रीति ने यह भी बताया था कि एक दौर में उन्होंने दो 10 रुपये के वड़ा पाव खाकर दिन गुजारा था। उन्होंने माता-पिता के तलाक के बाद के समय का भी जिक्र किया था।
रीति के इन दावों के बाद एकम बावा ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो शेयर कर उनकी बातों पर सवाल उठाए। एक वीडियो में उन्होंने रीति के महंगे हैंडबैग, लग्जरी गाड़ियों और प्रॉपर्टीज का जिक्र करते हुए पूछा कि ये चीजें हर महीने 25 हजार रुपये मिलने के दावे से कैसे मेल खाती हैं।
एकम ने रीति के कथित बिजनेस और मुंबई की प्रॉपर्टीज को लेकर भी सवाल किए। इसके अलावा उन्होंने रीति की मां के साथ अपने कथित रिश्ते और शादी का भी जिक्र किया। इसके बाद शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में एकम बावा ने दावा किया कि रीति और उनकी मां ने उन्हें ‘टॉर्चर’ किया था।
नोटिस में क्या कहा गया?
रीति और उनकी मां की ओर से मुंबई की एक लॉ फर्म ने सोमवार को सार्वजनिक कानूनी नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा गया है कि एकम बावा, जिन्हें परमिंदर कुमार बावा और एकम बैंस के नाम से भी जाना जाता है, सार्वजनिक रूप से खुद को रीति तिवारी का ‘सौतेला पिता’ और प्रतिमा पांडे का ‘कानूनी पति’ बताते रहे हैं।
नोटिस में इन दोनों दावों को पूरी तरह खारिज किया गया है। इसके मुताबिक, एकम बावा का रीति या उनकी मां के साथ ऐसा कोई कानूनी रिश्ता नहीं है।
परिवार ने एकम बावा के बयानों, वीडियोज और सोशल मीडिया पोस्ट को भी गलत और मानहानिकारक बताया है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि उनके खिलाफ सिविल और क्रिमिनल, दोनों तरह की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।
मीडिया से दावों की जांच करने की अपील
जारी कानूनी नोटिस में मीडिया संस्थानों, पब्लिशर्स, प्लेटफॉर्म्स और चैनलों से कहा गया है कि वे एकम बावा के दावों से जुड़ी सामग्री को हटाएं या उसे दोबारा प्रकाशित न करें।
परिवार ने मीडिया से अपील की है कि रीति और उनके परिवार से जुड़े किसी भी दावे को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी स्वतंत्र रूप से जांच की जाए।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि यदि कोई मीडिया संस्थान बिना पुष्टि के इन दावों को दोबारा प्रकाशित करता है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.