मुजफ्फरनगर के स्कूल में 12वीं के छात्र ने 10वीं के छात्र पर चलाई गोली, बाल-बाल बचा

HIGHLIGHTS
- 12वीं का छात्र फीस जमा कराने की बात कहकर कॉलेज पहुंचा था।
- छात्र अपने साथ तमंचा और कारतूस लेकर स्कूल में आया था।
- कक्षा में पहुंचकर उसने 10वीं के छात्र पर फायरिंग कर दी।
मुजफ्फरनगर। कस्बे के श्री कुंद-कुंद जैन इंटर कॉलेज में गुरुवार को झगड़े का बदला लेने के लिए 12वीं कक्षा का एक छात्र तमंचा लेकर 10वीं के छात्र की कक्षा में पहुंच गया और उस पर फायरिंग कर दी। गोली चलने से कक्षा में मौजूद छात्रों में दहशत फैल गई।
फायरिंग के बाद प्रधानाचार्य ने छात्र को पकड़ने की कोशिश की तो उसने उन पर भी तमंचा तान दिया। प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने छात्र को बातचीत में उलझाया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। छात्र के पास से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानसठ रोड स्थित इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा का छात्र गुरुवार को फीस जमा कराने की बात कहकर कॉलेज पहुंचा था। इसी दौरान वह अपने साथ तमंचा और कारतूस लेकर आया। इसके बाद वह 10वीं कक्षा में पहुंचा और वहां एक छात्र पर गोली चला दी। गोली की चपेट में आने से छात्र बाल-बाल बच गया। कक्षा के भीतर गोली चलने से वहां मौजूद छात्र सहम गए।
प्रधानाचार्य पर भी ताना तमंचा
गोली चलने की आवाज सुनकर प्रधानाचार्य अनुराग जैन और शिक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी छात्र को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने प्रधानाचार्य पर भी तमंचा तान दिया। छात्र ने कहा कि गुरुजी, उसका उनसे कोई विवाद नहीं है। उसने बताया कि संबंधित छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज की थी और उस पर हमला किया था।
छात्र ने कहा कि इसी झगड़े का बदला लेने के लिए वह तमंचा लेकर आया था और हमला करने वाले छात्र को गोली मारना चाहता था। प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने बातचीत के दौरान उसे उलझाए रखा और फिर पकड़ लिया।
इसके बाद दारोगा चरन सिंह, मनीष कुमार, कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह और प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और छात्र को थाने ले गए। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद किए।
प्रधानाचार्य ने बताया कि आरोपी छात्र फीस जमा कराने की बात कहकर कॉलेज में आया था, इसलिए किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ। छात्रों के कॉलेज में प्रवेश करने के बाद मुख्यद्वार बंद कर दिया जाता है। इसी वजह से छात्र को भागने का मौका नहीं मिला और उसे पकड़ लिया गया।
प्रधानाचार्य के अनुसार, दो दिन पहले 10वीं कक्षा के छात्र और उसके साथियों ने आरोपी छात्र पर डंडे से हमला किया था। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो चुका था। इसी रंजिश के चलते छात्र ने हमला करने वाले छात्र पर फायरिंग की, लेकिन वह गोली लगने से बच गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इंस्पेक्टर खतौली दिनेश चंद बघेल ने बताया कि बाल अपचारी छात्र ने कॉलेज में तमंचे से फायरिंग की है। छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि छात्र के पास तमंचा कहां से आया, इसकी भी छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमले का बदला लेने के लिए छात्र ने दूसरे छात्र पर फायरिंग की थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.