कांवड़ यात्रा-2026: SSP ने शिव चौक और कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण, परखी सुरक्षा व्यवस्था

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने शिव चौक और कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
- कांवड़ मार्ग पर लगाए गए करीब 500 लाउडस्पीकरों को कंट्रोल रूम से संचालित कर आपात सूचना और जरूरी घोषणाएं प्रसारित की जाएंगी।
- एसएसपी ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में सतर्कता बरतने और कांवड़ यात्रा के दौरान 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। रविवार देर शाम करीब 8 बजे एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने शहर के शिव चौक और कांवड़ कंट्रोल रूम का अचानक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कंट्रोल सिस्टम की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान एसएसपी के साथ एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी देहात महादिक अक्षय संजय, एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एसएसपी को कांवड़ कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और यात्रा के लिए तैयार किए गए संचार तंत्र की जानकारी दी। बताया गया कि शिव चौक से मेरठ रोड स्थित राणा चौक तक और रुड़की रोड-कच्ची सड़क से रामपुर तिराहा तक करीब 500 लाउडस्पीकर लगाए गए हैं।
इन सभी लाउडस्पीकरों को शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम से एक ही माइक के जरिए संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से किसी भी आपात स्थिति, ट्रैफिक डायवर्जन, सुरक्षा अलर्ट या श्रद्धालुओं से जुड़ी जरूरी घोषणाएं पूरे कांवड़ मार्ग पर एक साथ प्रसारित की जा सकेंगी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कंट्रोल रूम में लगाए गए मॉनिटरिंग सिस्टम, वायरलेस नेटवर्क, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और सभी अधिकारी 24 घंटे सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारियों का पालन करें।
बता दें कि सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल और पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण के मुजफ्फरनगर दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर है। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के शिव चौक पहुंचने से पहले रविवार को सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
इससे पहले रविवार दोपहर भी एसपी सिटी अमृत जैन, एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा, सीओ सिटी समेत अन्य अधिकारियों ने शिव चौक और कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया था। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम, बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, संचार प्रणाली और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.