प्रियंका गांधी का अमित शाह पर हमला, बोलीं- छात्रों पर लाठी-पैलेट गन क्यों?
By Hitesh — August 12, 2026

HIGHLIGHTS
- प्रियंका गांधी ने जंतर-मंतर प्रदर्शन का मुद्दा उठाया
- छात्रों पर बल प्रयोग को लेकर सरकार से सवाल
- पैलेट गन के इस्तेमाल पर भी मांगा जवाब
Author: — Dainik Dehat
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बुधवार को एक बार फिर जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर सरकार से जवाब मांगा। मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियंका गांधी ने सवाल किया कि जब युवा अपने भविष्य के लिए आवाज उठाते हैं तो उनके साथ किए जाने वाले व्यवहार की जिम्मेदारी किसकी है?
मीडिया के सवाल पर नाराज हुईं प्रियंका गांधी
बुधवार को संसद भवन परिसर पहुंचने पर कई मीडिया कर्मियों ने प्रियंका गांधी को घेर लिया। पत्रकारों ने उनसे संसद में जारी गतिरोध को लेकर प्रतिक्रिया मांगी। इस पर प्रियंका गांधी नाराज हो गईं और सवाल किया कि आप क्या चाहते हैं?
उन्होंने कहा कि जब हजारों छात्र एकजुट होकर अपनी एक मांग रखते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग किया जाता है और पैलेट गन का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने बिहार में एके-47 चलाए जाने का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसे में क्या सरकार से सवाल भी न किया जाए और चुपचाप बैठे रहें?
प्रियंका गांधी ने कहा- विपक्ष चुप नहीं रहेगा
प्रियंका गांधी ने लोकतांत्रिक जवाबदेही का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि क्या गृह मंत्री खुद को जनता के प्रति जवाबदेय मानते हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार जनता के प्रति जवाबदेय नहीं है तो क्या विपक्ष को भी शांत बैठ जाना चाहिए। प्रियंका गांधी ने स्पष्ट किया कि विपक्ष चुप नहीं रहेगा।
विपक्ष प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस बल के इस्तेमाल के मामले में गृह मंत्री से संसद में जवाब देने के साथ माफी की मांग भी कर रहा है। इस मुद्दे को लेकर संसद का मानसून सत्र प्रभावित रहा है। अब सरकार इस मामले पर चर्चा के लिए तैयार है और गृह मंत्री संसद में जवाब देंगे। वहीं, एनडीए सांसदों ने झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा भी उठा दिया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.