न. चंद्रशेखरन ने टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया

HIGHLIGHTS
- 18 अगस्त को टाटा संस की सालाना आम बैठक होगी
- AGM में चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति पर होना था मतदान
- फरवरी में बोर्ड ने पुनर्नियुक्ति का फैसला टाल दिया था
नई दिल्ली। टाटा समूह से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। एन. चंद्रशेखरन ने टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है और अब वह दोबारा नियुक्ति की मांग नहीं करेंगे। उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में पूरा होना था।
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने 18 अगस्त को होने वाली कंपनी की सालाना आम बैठक (AGM) से पहले पद छोड़ने का एलान किया है। दरअसल, डायरेक्टर के तौर पर उनकी दोबारा नियुक्ति को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई थी और टाटा समूह के भीतर तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
AGM से पहले इस्तीफा
कंपनी के नोटिस के मुताबिक, 18 अगस्त को होने वाली AGM में टाटा संस के शेयरहोल्डर्स को डायरेक्टर के तौर पर चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति पर मतदान करना था। उनकी पुनर्नियुक्ति को लेकर बनी अनिश्चितता चंद्रशेखरन और टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा के बीच मतभेदों से जुड़ी बताई जा रही है।
टाटा संस बोर्ड ने फरवरी में चंद्रशेखरन की चेयरमैन के तौर पर दोबारा नियुक्ति पर फैसला टाल दिया था। इसकी वजह नोएल टाटा की ओर से समूह के कुछ नए कारोबारों के प्रदर्शन पर सवाल उठाया जाना बताया गया था।
टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के बीच मतभेद केवल चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति तक सीमित नहीं थे। दोनों पक्षों के बीच बोर्ड में प्रतिनिधित्व, समूह की रणनीति और माइनॉरिटी शेयरहोल्डर शापूरजी पालोनजी के प्रस्तावित एग्जिट को लेकर भी असहमति थी। इस विवाद के चलते टाटा संस के एक डायरेक्टर को भी बाहर होना पड़ा है।
इससे पहले 11 अगस्त को टाटा ट्रस्ट्स के वाइस चेयरमैन विजय सिंह ने सर रतन टाटा ट्रस्ट (SRTT) के ट्रस्टी पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने 14 अगस्त को अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद इसे आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया। पूर्व रक्षा सचिव रहे विजय सिंह सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) के ट्रस्टी के तौर पर काम करते रहेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.