BRICS समिट के बीच दिल्ली में बारिश का अलर्ट, तेज हवा और जलभराव की बढ़ी चिंता

HIGHLIGHTS
- शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
- पूसा में 17.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रिज और आयानगर में 10 मिमी बारिश हुई।
- बारिश के बाद दिल्ली का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
नई दिल्ली। भारत मंडपम में चल रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बीच शनिवार को भी दिल्ली में बारिश की संभावना बनी हुई है। अगर तेज बारिश होती है तो एनडीएमसी, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग समेत संबंधित एजेंसियों के सामने चुनौती बढ़ सकती है। ब्रिक्स समिट के चलते दुनियाभर के कई प्रमुख नेता दिल्ली में मौजूद हैं।
इससे एक दिन पहले राजधानी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई थी। मौसम की स्थिति को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दोपहर में रेड अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में येलो अलर्ट में बदल दिया गया।
तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार और रविवार को दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। इसे देखते हुए एनडीएमसी, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग समेत अन्य संबंधित एजेंसियां सतर्क हैं।
IMD ने शुक्रवार को हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया था, लेकिन दोपहर में दिल्ली के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मौजूदा मौसम की स्थिति क्षेत्र में नमी की उपलब्धता और वायुमंडलीय अस्थिरता से जुड़ी है। इसके चलते गरज-चमक के साथ तेज सतही हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
शुक्रवार को दिल्ली में औसतन 1.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, पूसा में सबसे अधिक 17.5 मिलीमीटर, जबकि रिज और आयानगर क्षेत्र में 10 मिलीमीटर बारिश हुई।
अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट
बारिश के चलते बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को दिल्ली के अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को घटकर 34.8 डिग्री सेल्सियस रह गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.