रक्षाबंधन से पहले सड़कों पर लगा जाम, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर लगा 8 किमी लंबा जाम; NH-9 भी थमा

HIGHLIGHTS
- दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी
- एनएच-9 पर लालकुआं से डासना तक यातायात प्रभावित रहा
- डासना और सेक्टर-62 के पास वाहन धीमी गति से चले
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या बृहस्पतिवार शाम घर जाने वाले लोगों की भीड़ बढ़ने से कई जगहों पर भीषण जाम की स्थिति बन गई। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। गाजियाबाद में भी यातायात की रफ्तार थम गई। एनएच-9 पर लालकुआं से डासना तक भारी जाम रहा। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहनों की लंबी कतार दिखाई दे रही है।
गाजियाबाद में डायवर्जन के बावजूद बृहस्पतिवार को एनएच-9 पर भारी वाहनों की आवाजाही जारी रही। इससे हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और कई जगह जाम लग गया। डासना, लालकुआं और सेक्टर-62 के पास वाहन धीमी रफ्तार से चलते दिखाई दिए। वेव सिटी के आगे एक एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही।
यातायात पुलिस ने रक्षाबंधन को देखते हुए 26 अगस्त से 28 अगस्त की रात तक एनएच-9 पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। भारी वाहनों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट करने की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद बृहस्पतिवार सुबह कई भारी वाहन एनएच-9 पर पहुंच गए। डायवर्जन का पालन नहीं होने से हाईवे पर वाहनों का दबाव और बढ़ गया।
एनएच-9 पर लगे जाम का असर शहर के अंदरूनी मार्गों पर भी पड़ा। प्रमुख रास्तों पर वाहनों की गति धीमी हो गई। सबसे ज्यादा परेशानी रक्षाबंधन पर घर जाने वाली बहनों और नौकरीपेशा लोगों को हुई। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लगा।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुन बिसेन ने बताया कि त्योहार के कारण एनएच-9 पर यातायात का दबाव बढ़ा है। भारी वाहनों को हाईवे से बाहर किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों को डायवर्जन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.